HomeTrendingपीईटी की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

पीईटी की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

  • पीईटी की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

  • 14 परीक्षा केन्द्रों पर छह पालियों में होगी परीक्षा

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा के सकुशल, सुव्यवस्थित एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में व्यवस्थापकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में परीक्षा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, परीक्षा केन्द्रों पर शुचितापूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा सभी सम्बन्धित अधिकारियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं नोडल प्रशासन निरंकार सिंह ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल एवं दायित्वों के अनुपालन के सम्बन्ध में जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल पुलिस अधिकारी रितेश सिंह ने परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रबन्ध, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों के सम्बन्ध में विस्तार से बताया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। केन्द्र व्यवस्थापक एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने दी जाय। बैठक में डीआईओएस अमिता सिंह, केन्द्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Must Read