उपनिरीक्षक राहुल यादव की तत्परता से जाम में फंसी एंबुलेंस को मिला रास्ता
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। जनपद में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थापित प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र के घोष कंपनी चौराहे पर सुबह से ही छोटी-बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए निकलने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। इसी दौरान भीषण जाम में एक एंबुलेंस फंस गई, जिसमें एक गंभीर मरीज सवार था। एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने की आशंका बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाने में तैनात उपनिरीक्षक राहुल यादव ने तत्परता दिखाई और काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को जाम से बाहर निकलवाया। इसके बाद एंबुलेंस को जिला महिला अस्पताल के लिए रवाना कराया गया।
पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
पुलिस स्मृति दिवस पर उपनिरीक्षक राहुल यादव की इस तत्परता ने पुलिस के कर्तव्य और जनसेवा की भावना को प्रदर्शित किया। भीड़ और जाम के बीच गंभीर मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए रास्ता उपलब्ध कराना सराहनीय कदम रहा। ऐसे प्रयासों से पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा मजबूत होता है।













