HomeJaunpurJaunpur News: शाहगंज में जनगणना-2027 के प्रशिक्षण सत्र का हुआ शुभारम्भ

Jaunpur News: शाहगंज में जनगणना-2027 के प्रशिक्षण सत्र का हुआ शुभारम्भ

  • शाहगंज में जनगणना-2027 के प्रशिक्षण सत्र का हुआ शुभारम्भ

तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय तहसील में जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट थॉमस स्कूल में मुख्य विकास अधिकारी एन.बी. सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा ने किया। अधिकारियों ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना संबंधी कार्यों का गंभीरतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, सटीकता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने हेतु प्रेरित किया।
शाहगंज में आगामी 9 दिनों में कुल 1,772 शिक्षकों को जनगणना का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु कुल 36 बैच निर्धारित किए गए हैं जिनमें तहसील के ग्रामीण क्षेत्र, नगर पालिका परिषद शाहगंज एवं नगर पंचायत खेतासराय के प्रगणक एवं पर्यवेक्षक सम्मिलित हैं। प्रत्येक बैच को 3 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिसमें जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों तथा संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवम्बर तक प्रस्तावित है। इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक मकान-मकान जाकर प्रगणकों द्वारा जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस जनगणना में कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से निर्धारित जानकारियाँ संकलित की जाएंगी। उप जिला जनगणना अधिकारी/उपजिलाधिकारी शाहगंज अंकुर वर्मा ने शाहगंज क्षेत्र की जनता से अपील किया कि जनगणना कार्य हेतु अपने घर आने वाले प्रगणकों को आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः प्रत्येक नागरिक की सहभागिता राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्य विकास अधिकारी एन.बी. सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा ने भी सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करें, जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं को भली-भांति समझें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करायें।

 

 

 

 

 

Must Read