एक रात में तीन घरों में हुई चोरी, परिचालक के घर से लाखों के जेवरात पार
सेंधमारी में नाकाम हुये तो छत के रास्ते घर में घुसे चोर
तेजस टूडे सं.
डाा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के मनवल गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर में सेंधमारी का प्रयास विफल होने के बाद चोर परिवहन विभाग में परिचालक के पद पर तैनात व्यक्ति के घर से एक लाख रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गये। तीसरे घर में भी सेंध लगाकर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। एक साथ 3 घरों में चोरी से गांव में दहशत फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जाता है कि शुक्रवार रात ग्रामीण भोजन करने के बाद अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने गांव में धावा बोल दिया। सबसे पहले चोरों ने दयाराम प्रजापति के पक्के मकान में सेंध लगाने का प्रयास किया लेकिन दीवार मजबूत होने के कारण सफल नहीं हो सके। इसके बाद चोर चहारदीवारी के सहारे परिवहन विभाग में परिचालक रविप्रकाश के घर की छत पर चढ़ गए। बिना दरवाजे वाली सीढ़ी के रास्ते घर में दाखिल होकर उन्होंने कमरों को खंगाल डाला। घटना के समय रवि प्रकाश ड्यूटी पर थे जबकि उनके वृद्ध पिता जयराम और पत्नी रेनू बच्चों के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। चोर घर में रखे तीन बक्सों को उठाकर पीछे ले गए और उन्हें तोड़कर सामान निकाल लिया। एक पेटी गांव के बाहर तिल के खेत में टूटी मिली।
रेनू के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद के अलावा सोने का हार, लॉकेट, मांगटीका, नथिया, झुमका, झाली, चेन, चार सोने की चूड़ियां समेत बड़ी मात्रा में आभूषण तथा चांदी के सिक्के, कटोरी, हंसुली, कड़ा, पायल, पैर का लच्छा और चांदी की चेन चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने दलित बस्ती स्थित रामकुमार के छप्पर वाले घर को निशाना बनाया। यहां भी सेंध लगाकर अंदर घुसे चोर पेटी तोड़कर उसमें रखे नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है। वहीं इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।











