खीरी में पहले दिन सभी 25 परीक्षा केन्द्रों पर हुई पीईटी परीक्षा
डीएम ने भ्रमणशील रहकर देखे परीक्षा केन्द्र

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। जनपद में रविवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 के प्रथम दिवस दो पालियों में 25 परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शुचितापूर्वक, शान्तिपूर्ण परीक्षा संपन्न हुई। शनिवार को दोनों पालियों में 14299 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 5861 ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए डीएम अंजनी सिंह स्वयं सुबह से ही सक्रिय रहे। डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, अब्दुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों से नामांकित व उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या जानी और कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने को कहा। नोडल अधिकारी/एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह ने बताया कि पहली पाली में 10,800 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 7099 उपस्थित हुये जबकि 2981 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 10,800 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 7200 उपस्थित और 2880 अनुपस्थित रहे।
अफसरों ने रखी पैनी नजर
जिलाधिकारी अंजनी सिंह के साथ ही एडीएम-एएसपी, एसडीएम-सीओ, डीआईओएस, सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगातार भ्रमणशील रहे। एडीएम ने दिनभर परीक्षा केंद्रों का सघन भ्रमण किया और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को सतर्क रहते हुए परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।









