Jaunpur News : शाहगंज में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी का पर्व
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर में विजयादशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। तहसील परिसर के बगल स्थित रामलीला मैदान में राम और रावण युद्ध में असत्य की पराजय हुई। मर्यादा पुरुषोत्तम के अग्निबाण से रावण दहन के दौरान वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। एक दिन पहले से ही लगातार बारिश और कीचड़ से भरा होने के बावजूद रामलीला मैदान में प्रभु के दर्शन और रावण की हार देखने के लिए अपार जनसमूह उमड़ पड़ा।
186 साल पुरानी श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष राम नारायण अग्रहरि द्वारा की गई आरती के बाद शाहपंजा स्थित श्री संगत जी मंदिर से रामरथ रामलीला मैदान के लिए रवाना हुआ। श्री रामलीला भवन, मेन रोड और रोडवेज होता हुआ रथ रामलीला मैदान पहुंचा। यहां नगर पालिका अध्यक्ष गीता जायसवाल, उपजिलाधिकारी अंकित कुमार और क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार आदि ने राम और लक्ष्मण की आरती की। इसके बाद राम रावण युद्ध का मंचन हुआ और अंत में श्रीराम के बाण से रावण का वध हुआ। भारी बारिश से कीचड़युक्त हुए मैदान और ट्रैक्टर ट्राली की सवारी पर प्रतिबंध के बावजूद मैदान में अच्छी खासी भीड़ रही । हालांकि जगह जगह जलजमाव होने के चलते मैदान में दुकानें काफी कम संख्या में लगीं। लोगबाग अपने साधनों से मैदान पहुंचे और वहां पहले से खड़े ट्रैक्टर ट्राली पर बैठकर रामलीला और रावण दहन के साक्षी बने।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













