शाहगंज में चला मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान
उपजिलाधिकारी ने बूथों का किया निरीक्षण
तेजस टूडे सं.
शाहगंज, जौनपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर-2027) के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र 365-शाहगंज के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान एसडीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए। बूथ पर उपलब्ध मतदाता सूची को नागरिकों के सामने पढ़कर सुनाया जाए। सूची में त्रुटि मिलने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जाए। मृतक मतदाताओं व अपात्र प्रविष्टियों के विलोपन के लिए फॉर्म-7 भरकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाय।
उन्होंने बीएलओ को अधिकतम पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने, सूची की शुद्धता बनाए रखने तथा प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही न बरतने और कार्य को समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।











