बांसुरी से शंखनाद: पायनियर माण्टेसरी स्कूल एल्डिको शाखा का वार्षिकोत्सव सम्पन्न
तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। पायनियर मान्टेसरी स्कूल में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “श्रीकृष्णम, बाँसुरी से शंखनाद तक रखी गई जिसमें छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों का अत्यन्त मनमोहक और जीवंत मंचन नृत्य नाटिका के माध्यम से किया। कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडर मैनेजर पूरन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रबन्धक तथा प्रधानाचार्या ने दीप प्रज्वलन किया जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और नाट्य कला के माध्यम से श्रीकृष्ण के बाल्यकाल, माखन चोरी, कालिया मर्दन, गोवर्धन पर्वत धारण, रासलीला और कुरुक्षेत्र में दिए गीता के उपदेशों को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंग बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, मधुर संगीत ने पूरे सभागार को भक्तिमय और कृष्णमय बना दिया।
इस अवसर पर डा० सुरेन्द्र तिवारी सचिव बेसिक शिक्षा परिषद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे जिन्होंने अपने भाषण में बच्चों के कार्यक्रम और उनकी प्रतिभा की प्रशंसा किया। सांत्वना तिवारी (संयुक्त शिक्षा निदेशक तथा विशेष कार्याधिकारी पुस्तकालय प्रकोष्ठ) डा० मुकेश सिंह (उप शिक्षा निदेशक सेवानिवृत्त), डॉ अखिला आनंद वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक CSIR विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पायनियर मोंटेसरी स्कूल के पूर्व छात्र एवं फ़िल्म निर्माता निशीथ चन्द्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों के आत्मविश्वास और उनकी कलात्मक प्रस्तुति की सराहना किया।
विद्यालय के प्रबंधक ब्रजेन्द्र सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में अभिभावकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थितजनों का स्वागत किया। प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को बच्चों को अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का बेहतरीन माध्यम बताया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, गणमान्यजन सभी शाखाओं की प्रधानाचार्या उपस्थित थे। मंच का संचालन कक्षा 11 की छात्राओं कोमल सिंह, कौशाम्बी सिंह तथा कक्षा 10 के छात्रों आयुष सोनी, आयुषी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।











