HomeTrendingआजादी की लड़ाई में मुसलमानों के योगदान को याद रखना जरूरी: संजय

आजादी की लड़ाई में मुसलमानों के योगदान को याद रखना जरूरी: संजय

  • आजादी की लड़ाई में मुसलमानों के योगदान को याद रखना जरूरी: संजय

  • शाह नवाज कादरी की पुस्तक ‘बागी हिन्दुस्तान और 1857’ एवं ‘लहू बोलता भी है’ का हुआ विमोचन

तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय/बादल हुसैन
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में मुसलमानों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए और अधिक प्रयास किए जाने चाहिए।
सांसद संजय सिंह शनिवार को माता सुंदरी रोड पर स्थित गालिब इंस्टीट्यूट (ऐवान-ए-गालिब) में समाजवादी चिंतक शाहनवाज कादरी की नई हिंदी पुस्तक ‘बाग़ी हिंदुस्तान और 1857’ और उर्दू पुस्तक ‘लहू बोलता भी है’ के संशोधित द्वितीय संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। विमोचन समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के वंशज क़ाजी ज़ुल्फ़िकार अली के प्रपौत्र क़ाजी अनवार अहमद, नवाब अली बहादुर नवाब बांदा के प्रपौत्र नवाब शादाब बहादुर, शेख रज्जब अली के प्रपौत्र अबुल क़ैस, शहीद अशफ़ाकउल्लाह ख़ान के वंशज शादाब उल्लाह ख़ान व निज़ामुद्दीन काज़ी के पुत्र नुरूद्दीन काज़ी को सम्मानित भी किया गया।
सांसद ने कहा कि मुसलमानों को बार-बार अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं होनी चाहिए, क्योंकि उनके पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। आज समय की जरूरत है कि भारता के स्वतंत्रता संग्राम में मुसलमानों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में नई पीढ़ी को जागरूक किया जाना चाहिए। पुस्तक विमोचन समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुरेश खैरनार ने सांसद के विचारों का समर्थन किया और गहन शोध पर आधारित इन पुस्तकों के लिए लेखक की सराहना किया। साथ ही कहा कि नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से परिचित कराने के लिए ऐसी और पुस्तकें आनी चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम में मुस्लिमों के किरदारों को फिर याद दिलाने के लिए कादरी का महत्वपूर्ण योगदान हम सभी को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में समाजवाद के प्रख्यात चिंतक रघु ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम एक सामूहिक प्रयास था और ऐसे समय में जब मुसलमानों के योगदान पर सवाल उठाए जा रहे हैं, ये पुस्तकें विशेष रूप से प्रासंगिक हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय प्रो. राजकुमार जैन ने दोनों पुस्तकों को स्वतंत्रता आंदोलन की संतुलित समझ विकसित करने के इच्छुक पाठकों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बताया।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक एवं कवि गौहर रजा ने 1857 के विद्रोह के समय कौमी एकता को याद करते हुए उम्मीद जताई कि ये पुस्तकें लोगों में एकजुटता और प्रतिरोध की भावना को फिर से जागृत करने में मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरे हिन्दुस्तान में जहर की नदियां जमीन को बुरी तरह से बर्बाद कर रही हैं। ऐसे में इस किताब का आना महत्वपूर्ण है। यह किताब एक दस्तावेज है, इसे खरीदना चाहिए और पढ़ना चाहिए। इस किताब को पढ़ने के बाद ही आप जहर फैलाने वाले पूर्वाग्रहियों का काउंटर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि 1857 की लड़ाई मजहब की या हिन्दू या मुसलमान या उस समय के राजाओं, किसान मजदूरों की लड़ाई नहीं थी। इसके बाद भी हिन्दू, मुसलमान, ऊंच नीच व दलित इस लड़ाई के लिए आगे आए थे। उस समय पूरे हिन्दुस्तान पर अंग्रेजों का कब्जा कुछ हिन्दुस्तानियों की मदद से हुआ था।
कार्यक्रम में दोनों पुस्तकों के लेखक सैयद शाहनवाज अहमद कादरी ने अपनी पुस्तक के बारे में संक्षिप्त में बताया और देश को आजादी की तीसरी लड़ाई जो संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए होगी उसके लिए तैयार रहने को कहा। अन्य वक्ताओं ने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन के खिलाफ भारत के स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न समुदायों की सामूहिक भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में हैदराबाद से आये पूर्व न्यायाधीश टी गोपाल सिंह व पूर्व आईएफएस जेएस कैलाशिया ने भी सम्बोधित किया। इन पुस्तकों का प्रकाशन लखनऊ लोक बंधु राज नारायण ट्रस्ट की ओर से किया गया। बता दें कि इसके पहले शाहनवाज कादरी की स्वतंत्रता संग्राम में मुस्लिमों के योगदान पर लहू बोलता भी है हिन्दी, अंग्रेजी व उर्दू में प्रकाशित हो चुकी है।

 

 

 

 

Must Read