मतदाता सूची में नाम जोड़ने का चलाया गया विशेष अभियान
तेजस टूडे सं.
विनोद पाल/विकास यादव
बक्शा, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के सड़ेरी स्थित प्राथमिक विद्यालय सड़ेरी प्रथम पर शुक्रवार को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों के मतदाता सूची में नाम जोड़े गए और नामों में हुई त्रुटियों को भी ठीक किया गया।
इस मौके पर पंचायत सहायक जगदीश यादव ने बताया कि हम लोग घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, जिनके नाम में त्रुटि है, उन सभी का नाम जोड़ने के लिए विद्यालय पर विशेष कैंप लगाया गया है। लोग विद्यालय पर आकर अपना नाम जुड़वा लें, ताकि आने वाले समय में मतदान के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मतदान करना हर नागरिक का अधिकार है, इसलिए कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर बीएलओ सहित सफाईकर्मी लाल बहादुर यादव मौजूद रहे। सभी ने लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया और फॉर्म भरने में मदद किया। कैंप में काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपना नाम जुड़वाया।











