HomeJaunpurJaunpur News: आदेश की अवहेलना पर एसपी से जवाब तलब

Jaunpur News: आदेश की अवहेलना पर एसपी से जवाब तलब

  • आदेश की अवहेलना पर एसपी से जवाब तलब

  • 25 नवम्बर तक मोहलत, कार्यवाही की चेतावनी

  • न्यायालय के आदेश को ठेंगे पर रखना पुलिस अधीक्षक को पड़ा भारी, कोर्ट ने दिखायी सख्ती

तेजस टूडे सं.
हिमांशु श्रीवास्तव
जौनपुर। न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद अभियुक्त पर सम्मन का तामीला न कराना पुलिस अधीक्षक को भारी पड़ गया। बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी आदेश का अनुपालन न होने पर अदालत ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। एसीजेएम तृतीय अनुज जौहर ने पुलिस अधीक्षक से सीधे जवाब तलब करते हुए 25 नवंबर तक न्यायालय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। अदालत ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामला जफराबाद थाना क्षेत्र से जुड़े एनआई एक्ट के तहत चेक अनादरण के परिवाद का है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नखास मोहल्ला निवासी कृष्ण प्रताप सिंह ने लाइन बाजार थाना क्षेत्र के फूलपुर निवासी प्रदीप तिवारी के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था। मामले में न्यायालय ने अभियुक्त प्रदीप तिवारी के खिलाफ सम्मन जारी करते हुए उसके तामीले के लिए जफराबाद कोतवाल को निर्देशित किया था। इसके बावजूद अभियुक्त पर सम्मन का तामीला नहीं कराया गया।
मामले में पिछली सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस अधीक्षक को विशेष रूप से निर्देश दिया था कि वह अपने स्तर से अभियुक्त पर सम्मन का तामीला सुनिश्चित कराएं और की गई कार्रवाई से न्यायालय को अवगत करायें लेकिन इस आदेश के बाद भी कोई अनुपालन नहीं हुआ। खास बात यह है कि इस मुकदमे का शीघ्र निस्तारण करने के लिए हाईकोर्ट का भी दिशा-निर्देश है।
न्यायालय ने पुलिस अधीक्षक के इस रवैये को आदेश की अवहेलना मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने स्पष्ट किया कि 25 नवंबर तक व्यक्तिगत रूप से अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन क्यों नहीं कराया गया, अन्यथा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय के इस सख्त रुख से पुलिस महकमे में हलचल मचने की संभावना है।

 

 

 

 

Must Read