डीएम—एसपी ने बदलापुर समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं
9 मामले मौके पर निबटे, अन्य के निस्तारण के लिये दिये गये आवश्यक निर्देश
तेजस टूडे सं.
डा. संजय यादव
बदलापुर, जौनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह की उपस्थिति में स्थानीय तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ जहां जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम सहनपुर थाना रामपुर तहसील मड़ियाहॅू के निवासी विजय सिंह ने अवैध अतिक्रमण व पक्के निर्माण के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जिस पर जिलाधिकारी ने प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार अजय कुमार सोनी निवासी केरारकोट पोस्ट सदर द्वारा जमीन कब्जा के सम्बन्ध में प्रार्थना पत्र दिया जिस पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व तथा अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाये।
उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें तथा विवादित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जाय। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 9 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी बदलापुर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











