हरचन्दपुर की आईडीटीआर पुलिस चौकी बदहाल, बनी ‘कब्रिस्तान’
नदारद रहते हैं चौकी प्रभारी, परिसर में पसरी गन्दगी
तेजस टूडे सं.
मनीष अवस्थी
रायबरेली। जनपद के हरचन्दपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आईडीटीआर पुलिस चौकी इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। क्षेत्र की सुरक्षा और आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए बनाई गई यह चौकी वर्तमान में किसी वीरान ‘कब्रिस्तान’ की तरह नजर आ रही है। चौकी प्रभारी की कथित मनमानी और लापरवाही के चलते न यहाँ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रहती है और न ही फरियादियों की कोई सुनवाई हो रही है। क्षेत्रीय जनता ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले का संज्ञान लेने और लापरवाह चौकी प्रभारी पर सख्त शिकंजा कसने की मांग किया है। लोगों का कहना है कि ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में पुलिस चौकी का संचालन नियमित रूप से हो सके और पुलिस व आम जनमानस के बीच विश्वास और सामंजस्य बरकरार रह सके।
परिसर में गोबर का अम्बार, साइन बोर्ड भी गायब
स्थानीय लोगों के अनुसार यह चौकी अक्सर बंद ही रहती है। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में चौकी की बदहाली की पोल खुलती दिखाई दे रही है। चौकी परिसर में कई दिनों से गोबर पड़ा हुआ है, जो इस बात का प्रमाण है कि यहाँ लंबे समय से न साफ-सफाई हुई है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने यहां कदम रखा है। इतना ही नहीं, चौकी की पहचान बताने वाला सांकेतिक बोर्ड (आईडीटीआर पुलिस चौकी) भी अब गायब हो चुका है या दिखाई देना बंद हो गया है जिससे राहगीरों और फरियादियों को चौकी का पता तक नहीं चल पाता। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने कभी इस चौकी को नियमित रूप से खुलते या किसी पुलिसकर्मी को यहाँ बैठकर ड्यूटी करते नहीं देखा है। चौकी इंचार्ज की इस कार्यशैली और मनमानी के कारण स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का मानना है कि यदि किसी आपात स्थिति में उन्हें पुलिस की मदद की जरूरत पड़े तो उन्हें खाली चौकी से निराश होकर लौटना पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक की छवि हो रही धूमिल
जिले के पुलिस अधीक्षक जहां कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और ‘मित्र पुलिस’ की छवि को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, वहीं ऐसे लापरवाह चौकी प्रभारी विभाग की छवि को धूमिल करने का काम कर रहे हैं। एक जिम्मेदार अधिकारी की अनदेखी से पूरे पुलिस महकमे की किरकिरी हो रही है।











