HomeTrendingपाइपलाइन बिछाने के कार्य का मण्डलायुक्त ने किया निरीक्षण

पाइपलाइन बिछाने के कार्य का मण्डलायुक्त ने किया निरीक्षण

  • पाइपलाइन बिछाने के कार्य का मण्डलायुक्त ने किया निरीक्षण

  • जल निकासी की प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। शहर के सौंदर्यीकरण, वर्षा ऋतु में होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, मेडिकल कॉलेज के आसपास वेंडिंग जोन को सुव्यवस्थित करने तथा हनुमान मंदिर में वर्षपर्यंत आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने शनिवार को उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ऋषिराज एवं नगर आयुक्त श्री साईं तेजा सहित संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम मंडलायुक्त ने बालसन चौराहे पर पहुंचकर लाउदर रोड की ओर कराए जा रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य का जायजा लिया। वर्षा ऋतु में इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या मुख्य रूप से जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने तथा नालों पर अतिक्रमण एवं अन्य अवरोधों के कारण उत्पन्न होती है। इसके स्थायी समाधान के लिए बालसन चौराहे से लाउदर रोड होते हुए मेडिकल कॉलेज तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जा रहा है। इससे जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी और भविष्य में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान हो सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय से पूर्ण कराया जाए। साथ ही इस वर्ष वर्षा के दौरान उत्पन्न जलभराव की समस्या के वास्तविक कारणों का समुचित विश्लेषण करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नालों पर हुए अतिक्रमण एवं जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अन्य अवरोधों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये।
इसी क्रम में मंडलायुक्त ने अपने पूर्व में किए गए निरीक्षण के क्रम में मेडिकल कॉलेज चौराहे का पुनः निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वेंडर्स द्वारा अभी भी फुटपाथ को पूर्णतः अतिक्रमणमुक्त नहीं किया गया है जिसके कारण पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा हो रही है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इसके उपरांत मंडलायुक्त ने हनुमान मंदिर क्षेत्र एवं कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन को ध्यान में रखते हुए मंदिर कॉरिडोर एवं गर्भगृह के शेष कार्यों को माघ मेला-2027 तक पूर्णता की ओर ले जाते हुए सभी अवशेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने मंदिर की ओर जाने वाली अप्रोच रोड के संबंध में भी वर्षपर्यंत आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के दृष्टिगत सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उसके चौड़ीकरण की संभावनाओं पर कार्य करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

 

 

 

 

Must Read