युवक तालाब में गिरा, तलाश में जुटी एसडीआरएफ व एसएसबी की टीम
तेजस टूडे सं.
महेश वर्मा
बृजमनगंज, महराजगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंजरहा सोनबरसा में शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे के लगभग एक युवक घर के बगल के तालाब में गिर गया। शनिवार सुबह पहुंची एसडीआरएफ युवक की तलाश में जुट गई। ग्राम पंचायत बंजरहा सोनबरसा के टोला फुलवरिया निवासी ओम प्रकाश पुत्र रामदास शुक्रवार शाम तालाब के किनारे टहल रहे थे। अचानक पैर फिसलने से तालाब में गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ पूरी रात तलाश किया लेकिन युवक नहीं मिला। शनिवार सुबह 8 बजे पहुंची एसडीआरएफ की टीम पहुंच कर जांच में जुट गई। दोपहर बाद एसएसबी की टीम भी पहुंच कर जांच में जुट गई। शनिवार शाम 5 बजे तक दोनों टीमों के तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि एसडीआरएफ व एसएसबी की टीम द्वारा जांच की जा रही है। अब रविवार सुबह से फिर तलाश शुरू की जाएगी। इस अवसर पर लेखपाल राजेंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान सराजुल हक, मोहम्मद अहसान, लल्लू सिंह, भाजपा नेता रवींद्र यादव, रिजवान अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











