डिग्री के साथ हुनर भी जरूरी, मंगलायतन विवि में विद्यार्थियों को मिला इंडस्ट्री का पाठ
एआई एवं पाइथन से लेकर प्रोफेशनल व्यवहार तक विशेषज्ञों ने बताये रोजगार पाने के गुर
तेजस टूडे सं.
राहुल तिवारी
अलीगढ़। सिर्फ डिग्री हासिल करना ही करियर की सफलता के लिए काफी नहीं, बल्कि तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में उतारना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ मंगलायतन विश्वविद्यालय में दो दिवसीय इंडस्ट्रियल वर्कशॉप आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों, आधुनिक तकनीकों और रोजगार के लिए जरूरी कौशल से रूबरू कराया गया। डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशन और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि बदलते तकनीकी दौर में निरंतर सीखने और व्यावहारिक दक्षता विकसित करने से करियर की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। ऐपवॉर्स टेक्नोलॉजीज एवं तान्विका सॉफ्टवेयर के संस्थापक व सीईओ सोनू प्रकाश ने उद्योगों की अपेक्षाओं, करियर की संभावनाओं और सकारात्मक दृष्टिकोण पर चर्चा किया। एआई एवं डेटा साइंस विशेषज्ञ प्रियांशु पाल ने पाइथन प्रोग्रामिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वास्तविक उपयोगों की जानकारी दिया। राहुल शर्मा ने नई तकनीकों और व्यावहारिक कौशल पर सुझाव दिए। दूसरे दिन प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने विद्यार्थियों को इंडस्ट्री रेडीनेस यानी नौकरी के लिए खुद को तैयार करने के जरूरी पहलुओं से अवगत कराया। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. लव मित्तल ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ तकनीकों का व्यावहारिक उपयोग और पेशेवर व्यवहार भी जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन मानसी त्रिपाठी ने किया।











