डा. अनुराधा ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिये विद्यार्थियों को प्रेरित किया

तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में दो दिवसीय अंतःमहाविद्यालयी वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026 का प्रथम दिवस उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम. एवं एल.एल.बी. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान चरक इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. अनुराधा त्रिपाठी एवं चरक कॉलेज ऑफ लॉ के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सहयोग एवं आत्मविश्वास जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। दोनों प्राचार्यों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन जैसी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थान के खेल संचालक डॉ. करन विश्नोई के निर्देशन एवं अनुशासन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन बी.ए. विभाग की विभागाध्यक्ष आकांक्षा अवस्थी ने किया। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में संस्थान के सभी विभागों के शिक्षकों ने समर्पित भाव से सक्रिय सहभागिता एवं महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का प्रथम दिवस विद्यार्थियों के उत्साह, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं सामूहिक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है।







