चक्रवात अर्णव के प्रभाव से बेमौसम बारिश की आशंका
किसान फसलों की सुरक्षा के लिये रहें सतर्क

तेजस टूडे सं.
सौरभ सिंह
जौनपुर। चक्रवाती तूफान अर्णव के संभावित प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने तथा 29 और 30 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी फसलों, कटाई के बाद रखी उपज और कृषि कार्यों पर असर पड़ सकता है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखें और फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाएं। उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी सिंह ने किसानों से अपील किया कि संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए फसल सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि खेतों में तैयार खड़ी फसलों की स्थिति का आकलन कर कृषि कार्यों की योजना मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार बनाएं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि यदि धान की फसल पककर तैयार है और मौसम की स्थिति कटाई के अनुकूल है, तो स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार कटाई एवं उपज के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करें। कटी हुई फसल को खुले खेतों में न छोड़ें तथा अनाज को तिरपाल या सुरक्षित छत के नीचे रखें। जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह ने किसानों से अपील किया कि वे संभावित बेमौसम बारिश के दौरान फसल एवं कृषि उपज की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि कटाई के बाद खेतों में रखे धान, मक्का, बाजरा तथा अन्य कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करें। खुले में रखे अनाज को तिरपाल से ढकें और यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी उसमें प्रवेश न करें। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की रबी फसलों की बुवाई हो चुकी है, वे खेतों में जलभराव न होने दें। जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों का निर्णय लें। तेज हवा के दौरान खेतों में खड़ी फसलों का अनावश्यक निरीक्षण करने के लिए जोखिम न उठाएं। जिला कृषि अधिकारी ने यह भी सलाह दी कि किसान मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अफवाहों से बचें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में स्थानीय कृषि विभाग से संपर्क करें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और कृषि यंत्रों तथा अन्य जरूरी उपकरणों को बारिश से बचाकर रखें।







