51 हजार दीपों से जगमग होगा मां शीतला धाम
तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम में 23 व 24 नवंबर को दो दिवसीय भव्य देव दीपावली की तैयारी आरम्भ हो चुकी है। माँ श्री शीतला धाम कुंड कार्य समिति ट्रस्ट द्वारा यह 23वां भव्य देव दीपावली महोत्सव मनाया जायेगा। दोनों दिन माँ शीतला का भव्य श्रृंगार किया जायेगा। कार्यक्रम अध्यक्ष विनय त्रिपाठी एवं कोषाध्यक्ष संजय श्रीमाली ने संयुक्त रूप से बताया कि 24 नवम्बर कार्तिक पूर्णिमा पर शीतला चौकियां धाम कुण्ड पर भव्य दीपोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जायेगा। इस दिन 51 हजार दीपों से मां शीतला धाम स्थित सरोवर सहित रंग—बिरंगे झालरों से पूरा धाम परिसर जगमगा उठेगा। दीपों का अनुपम एवं अलौकिक दृश्य ऐसा होगा। मानो देव दीपावली पर्व पर स्वर्ग ही जमीन पर उतर आया हो।
आयोजकों के अनुसार 24 नवम्बर को ही भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी भव्य दीपोत्सव में उपस्थित होंगे जबकि एक दिन पहले यानी 23 नवम्बर को सरोवर किनारे झिलमिल झालरों की अप्रतिम छटा के बीच भजन संध्या व राम विवाह, शिव तांडव नृत्य की झांकी, रंगोली सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गायक कलाकार रितेश पाण्डेय अपनी मधुर आवाज़ से भजन गाकर समां बांधेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस बार दीपोत्सव को और भी भव्य बनाने की तैयारी जोरों पर है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक लाभ लेने की अपील किया है।











