जौनपुर के पंडित जी का ऐतिहासिक भरत मिलाप सम्पन्न
चारों भाइयों का मिलन छलक उठीं आंखें
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। पंडित जी का ऐतिहासिक भरत मिलाप बड़े धूमधाम से सम्पन्न हुआ जहां चारों भाइयों का भावपूर्ण मिलन देखकर लोगों की आँखें नम हो गईं। भरत और शत्रुघ्न अपने बड़े भाई श्रीराम को देखते ही नंगे पांव दौड़कर उनके गले लिपट गये और अश्रु की धारा बहने लगी। ऐसा मार्मिक दृश्य देख कर इकट्ठी भीड़ ने जय श्रीराम का जोरदार जयकारा लगाया और लोगों ने पुष्पवर्षा करते हुए वातावरण को राममय कर दिया।
इसके पहले भरत मिलाप की शोभायात्रा नगर के अहियापुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नगर के अलावा सीमावर्ती जिलों से आया लॉग, झांकियां, विशालकाय डीजे लोगों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहा। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों सुतहट्टी बाज़ार, सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, शाही पुल, ओलन्दगंज स्थित राम भरत मिलाप मंच पर पहुंचकर संपन्न हुआ। ओलन्दगंज में भगवान श्रीराम और भरत का मिलाप देखने के लिए लोग दोनों तरफ हाथों में पुष्प लेकर बेसब्री से इंतजार करते रहे।
जैसे ही भोर में श्रीराम का पुष्पक विमान रथ करीब पहुंचा, भरत और शत्रुघ्न 14 वर्षों की विरह को बर्दाश्त नहीं कर पाये और नंगे पांव दौड़ कर अपने बड़े भाई श्रीराम से लिपट गये। चारों भाइयों के नयन से अश्रु की धारा बहने लगी। यह दृश्य देखकर लोगों की आँखें नम हो गईं।
चारों भाइयों का मिलन प्रेम, भाईचारा, त्याग का संदेश देता हैं। अंत में शामिल लाग, झांकियां, बनारस से आयीं मां काली की भव्य आकर्षक मुखौटा तथा जौनपुर की झांकियों को पुरस्कृत करके सम्मान पत्र दिया गया। पण्डित जी राम लीला समिति के अध्यक्ष ने भरत मिलाप को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन, नगर पालिका परिषद, कार्यकर्ताओं आदि को धन्यवाद ज्ञापित किया।















