2027 में बनेगी अति पिछड़ा समाज की सरकार: केवट रामधनी बिन्द
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। भारतीय मानव समाज पार्टी के तत्वावधान में विशाल ‘अति पिछड़ा महासम्मेलन’ का आयोजन हुआ जहां मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष विजय बहादुर निषाद ने शिरकत किया जहां संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश बिंद ने किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट को तत्काल लागू करने पर पुरजोर ढंग से बल दिया। साथ ही कहा कि आज तक सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अति पिछड़ा समाज को केवल वोट बैंक समझा और हमेशा धोखा दिया। अब समय आ गया है जब समाज जाग चुका है। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में अति पिछड़ा समाज की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का मजबूत संकल्प लिया। वर्तमान व्यवस्था पर प्रहार करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज आम जनता बेकाबू महंगाई, बेरोजगारी और ध्वस्त कानून व्यवस्था से बुरी तरह त्रस्त है।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि वे सरकार में रहकर अपने ही समाज को धोखा दे रहे हैं और समाज के भीतर ‘जयचंद’ की भूमिका निभा रहे हैं। वे भाजपा के साथ मिलकर समाज के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं जिसका जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद, केवट, बिंद और पूरा अति पिछड़ा समाज एकजुट होकर देगा।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष विजय बहादुर निषाद ने घोषणा करते हुये कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय मानव समाज पार्टी द्वारा सिर्फ और सिर्फ अति पिछड़ा समाज के प्रत्याशियों को ही टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा जायेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश बिंद ने जनता से वादा करते हुये कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने पूर्व में सभी दलों की सरकारें देख ली हैं लेकिन इस बार बदलाव तय है और अति पिछड़ा की सरकार बनेगी। उन्होंने पार्टी की ओर से जनहित की प्रमुख गारंटियों की घोषणा किया।
इस अवसर पर राजधर बिन्द, आशीष सरोज, डॉ. रामबचन सरोज, सुनीता प्रजापति, कृष्णा प्रसाद बिन्द सहित तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि की उपस्थिति रही।














