HomeJaunpurJaunpur News: पुष्पवर्षा के बीच 20 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

Jaunpur News: पुष्पवर्षा के बीच 20 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

  • पुष्पवर्षा के बीच 20 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

  • 21 से 29 अक्टूबर तक बीआरपी कालेज के मैदान पर बहेगी श्रीराम कथा की अमृत धारा

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। धर्म, आस्था और भक्ति की पावन धरा जौनपुर एक बार फिर प्रभु श्रीराम की भक्ति से सराबोर होने जा रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह के सौजन्य से आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व 20 अक्टूबर को नगर में पुष्पवर्षा, भव्य झांकियों और जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के बीच विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है। कलश यात्रा प्रातः 9 बजे केरार वीर से प्रारंभ होकर चाहरसू चौराहा, ओलन्दगंज, पॉलिटेक्निक चौराहा और वाजिदपुर तिराहा होते हुए बी.आर.पी. कॉलेज के प्रांगण स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत और प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।

आकर्षक झांकियां होंगी विशेष आकर्षण
इस भव्य कलश यात्रा में अन्य प्रदेशों से आए भक्तजन विभिन्न प्रकार की मनमोहक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत करेंगे। इन झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, आदर्शों और सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। पुष्पवर्षा और भक्तिमय वातावरण के बीच निकलने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था, उल्लास और आध्यात्मिक अनुभूति का विशेष अवसर बनेगी। कलश यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देने वाला पावन अवसर भी है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में मर्यादा, सेवा, त्याग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना ही ऐसे आयोजनों का मूल उद्देश्य है।

21 से 29 अक्टूबर तक होगी श्रीराम कथा
कलश यात्रा के अगले दिन यानी 21 से 29 अक्टूबर तक बी.आर.पी. कॉलेज के प्रांगण में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की दिव्य लीलाओं, आदर्श जीवन, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त होगी। कथा की अमृतमयी वाणी से जौनपुर का वातावरण राममय होने की उम्मीद है।

आयोजक ज्ञान प्रकाश जी ने माताओं-बहनों से की विशेष अपील
इस आयोजन के संबंध में आयोजक ज्ञान प्रकाश सिंह ने जनपद की समस्त माताओं एवं बहनों सहित सभी श्रद्धालुओं से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भव्य कलश यात्रा में सम्मिलित हों और आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि ऐसे पावन अवसर पवर समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

 

 

 

 

Must Read