कबाड़ की दुकान में आग लगने से हजारों का सामान राख
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। रोजी-रोटी के लिए जुटाया गया सामान देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गया। नगर में पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित एक कबाड़ की दुकान में शनिवार को अचानक आग लग गई। दुकान से उठती लपटों ने आस—पास के लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। सूचना पर पहुँचे दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दुकान में रखा कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार ने करीब 50 हजार रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया है।
जानकारी के मुताबिक नगर में पीएनबी के पास मोहम्मद इकरार की कबाड़ की दुकान है। शनिवार को वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी बीच दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये। पड़ोस में रहने वाले एक डॉक्टर ने फोन कर इकरार को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही वह बदहवास हालत में दुकान पर पहुंचे।
उधर आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुँची दमकल टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान में रखा कबाड़ जलकर राख हो चुका था। दुकानदार के अनुसार आग से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।











