15 माह पहले लगे मंत्री के शिलापट्ट ने तोड़ा दम, भरभराकर गिरा
1.36 करोड़ की विकास परियोजनाओं का हुआ था शिलान्यास/लोकार्पण
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। विकास कार्यों की पहचान बनने वाले शिलापट्ट भी अब सुरक्षित नहीं रह गये हैं। नगर पंचायत खेतासराय के पुरानी बाजार रोड स्थित जेबी मेगा मार्ट के पास लगा प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव का शिलापट्ट शनिवार की रात करीब 10 बजे अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि करीब 15 माह पूर्व बभनौटी वार्ड में लगभग 1.36 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, नाली, सीसी रोड सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया था। इसी कार्यक्रम से संबंधित शिलापट्ट पुरानी बाजार रोड पर जेबी मेगा मार्ट के समीप लगाया गया था जो शनिवार की रात धराशायी हो गया।
गौरतलब है कि नगर में मंत्री के विकास कार्यों से जुड़े शिलापट्ट के टूटने या गिरने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो बार मंत्री के शिलापट्ट को नुकसान पहुँचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में बार-बार शिलापट्ट के साथ हो रही घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं।
इस सम्बन्ध में भाजपा मण्डल महामंत्री मनीष गुप्ता ने घटना को निन्दनीय बताते हुए कहा कि जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। वहीं पुलिस मामले की जाँच कर रही है।











