विद्या मन्दिर में हुआ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कार्यक्रम
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ‘संविधान दिवस की प्रस्तावना, एक स्वर, एक संविधान’ के विषय पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील शशि की अध्यक्षता व सिविल जज सी0डि0/सचिव पूर्णकालिक जिला प्राधिकरण जे़बा उऊफ की देख-रेख में एसडीडी एसबीएस इण्टर कालेज कादीपुर रामदयालगंज में संविधान संवाद अभियान के अवसर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कार्यक्रम ‘एक स्वर, एक संविधान’ किया गया।
इस दौरान सचिव जिला प्राधिकरण जेबा रऊफ ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जिसका जनपद न्यायाधीश, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, विद्यालय के अध्यक्ष/प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं लगभग 2000 छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से उच्चारण किया। उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया।
इस मौके पर जनपद न्यायाधीश श्री शशि ने संविधान में निहित समता, समानता एवं न्याय के मूलभूत सिद्धांतों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि विद्यार्थियों को समझाया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अवसर एवं गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है तथा समाज में न्याय, समरसता और बंधुत्व की स्थापना के लिए संवैधानिक मूल्यों का पालन आवश्यक है। विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
वहीं विद्यालय परिसर में रंगोली निर्माण एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता हुई जहां छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों एवं आदर्शों को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जनपद न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित उपस्थित समस्त न्यायिक अधिकारीगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ एवं उत्तरदायी नागरिकता की भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण आदि उपस्थित रहे।











