रामलीला में सीता हरण देख दर्शक हुये भाव—विभोर
माधोपट्टी की रामलीला में सीता हरण व मारीच वध का हुआ मंचन

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। कजगांव क्षेत्र के माधोपट्टी गांव में बुधवार को श्री आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में मारीच वध सीता हरण राम सुग्रीव मित्रता व बालि वध का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला का शुभारंभ भाजपा नेता राजीव सिंह सहित गांव के बुजुर्ग लोगों ने फीता काटकर किया। साथ ही राम—सीता की आरती भी उतारी। कमेटी की तरफ से हरियाणा में पीसीएस के पद पर चयनित मुस्कान सिंह का माल्यार्पण करते हुये स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। रामलीला मंचन में रावण व मारीच का प्रसंग प्रस्तुत किया गया जिसमें रावण मारीच से कहता है कि हिरण का रूप धारण कर सीता मैया को जाकर आकर्षित करें जिससे मैं उनका हरण कर सकूं। इस पर मारीच कहता है कि यह काम मुझे नहीं होगा। रावण की क्रोध के आगे वह विवश हो जाता है। दूसरे प्रसंग में सीता हरण का मंचन किया गया। सीता मैया के खोज में राम का विलाप देख दर्शन भाव विभोर हो जाते हैं। इसके बाद राम सुग्रीव मित्रता का मंचन देख लोग श्रीराम का जयकारा लगाने लगते हैं जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। राम की भूमिका गौरव सोलंकी, लक्ष्मण सोनल सिंह, हनुमान सर्वेश सिंह, सुग्रीव आशीष, बाली सचिन, सीता अनुराग सिंह, मारीच ध्यानचन्द रावण की भूमिका सिंटू ने किया। रामलीला का संचालन सौरभ सिंह व राहुल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राम सागर सिंह, व्यवस्थापक रमाशंकर सिंह, प्रबंधक इस्रावती देवी, नितिन सिंह, अभिषेक सिंह, लालू सिंह, प्रवीण सिंह, करुणेश सिंह, आशुतोष, पेंटर कृष्ण कुमार, अशोक बाबा सहित तमाम उपस्थित रहे।











