HomeJaunpurJaunpur News: महिलाओं की सुरक्षा के लिये जौनपुर में गूंजी आवाज

Jaunpur News: महिलाओं की सुरक्षा के लिये जौनपुर में गूंजी आवाज

  • महिलाओं की सुरक्षा के लिये जौनपुर में गूंजी आवाज

  • JOGS की रैली एवं नुक्कड़ नाटक ने दिया संदेश

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ हिंसा रोकने, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और समाज में सम्मान एवं समानता की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जौनपुर में महिला चिकित्सकों ने जागरूकता की अलख जगाई। Jaunpur Obstetricians & Gynaecological Society (JOGS) की ओर से FOGSI UNiTE 2026 अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली और विशेष कार्यक्रम किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाई गई। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। चिकित्सकों, नर्सिंग कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने भाग लेकर हिंसा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

नुक्कड़ नाटक में दिखायी घरेलू हिंसा एवं दहेज उत्पीड़न की तस्वीर
JOGS अध्यक्ष डॉ. अंजू कनौजिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नर्सिंग विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, यौन शोषण और सामाजिक भेदभाव जैसे गंभीर मुद्दों को सामने रखा। नाटक के जरिये बताया गया कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा को चुपचाप सहना या नजरअंदाज करना उचित नहीं है। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और पीड़ित महिलाओं का सहयोग करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इस दौरान उपस्थित लोगों को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने, हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और पीड़ित महिलाओं की सहायता करने के लिये प्रेरित किया गया।

बेटों को भी सिखायें महिलाओं का सम्मान: डा. अंजू कनौजिया
JOGS अध्यक्ष डॉ. अंजू कनौजिया ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ बेटों को भी महिलाओं का सम्मान करना सिखाना आवश्यक है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा रोकने के लिए सामाजिक सोच में बदलाव लाना होगा। जब तक समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना मजबूत नहीं होगी, तब तक हिंसा को पूरी तरह रोकना चुनौती बना रहेगा। उन्होंने हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और पीड़ित महिलाओं का सहयोग करने की अपील किया।

मिशन शक्ति में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की दी गयी जानकारी
इस दौरान मिशन शक्ति के छठें चरण के तहत महिला सुरक्षा, महिला सम्मान और महिला स्वावलंबन का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया। अभियान से संबंधित जागरूकता सामग्री के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों में 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन एवं वन स्टॉप सेंटर, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 101 अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा शामिल हैं। इन हेल्पलाइन नम्बरों के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक किया गया।

डा. शकुंतला, डा. मधु समेत तमाम चिकित्सकों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में डॉ. अंजू कनौजिया के साथ डॉ. शकुंतला, डॉ. मधु, डॉ. सुलोचना सिंह, डॉ. शुभा सिंह और डॉ. शैलि निगम सहित JOGS के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता को बढ़ावा देने के साथ हिंसा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। JOGS की ओर से आम जनता से अपील की गई कि वे महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाएं, हिंसा के खिलाफ आवाज उठाएं और सुरक्षित एवं समानता आधारित समाज बनाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा- न हिंसा करेंगे, न हिंसा सहेंगे और न हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे हटेंगे। JOGS ने FOGSI UNiTE 2026 अभियान के माध्यम से समाज को हिंसा मुक्त बनाने और महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समानता आधारित वातावरण उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

 

 

 

 

Must Read