शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
शिवम ने संकल्प डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन
तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। कहोबा चौराहा मनकापुर में संकल्प डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने फीता काटकर किया। साथ ही बताया कि यह डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण बच्चों के लिए तोहफा है जो यहां से दूरी तय करके शहर में प्रतिदिन पढ़ाई करने के लिए जाते हैं। हम सभी को शिक्षा को बढ़ावा देते हुए अपने-अपने गांव में भी लाइब्रेरी खुलवानी चाहिए जिससे गांव का प्रत्येक छात्र पढ़ सके। गांव के बहुत सारे ऐसे प्रतिभावान बच्चे रहते हैं जो संसाधनों की कमी से आगे नहीं बढ़ पाते हैं, इसलिए यह लाइब्रेरी गांव की प्रतिभाओं को उच्च स्थान पर पहुंचने का काम करेगी।
इसी क्रम में लाइब्रेरी के संस्थापक प्रमोद तिवारी ने बताया कि यह लाइब्रेरी उन्होंने लखनऊ से प्रेरणा लेकर बनाई है। लखनऊ में बहुत सारे बच्चे प्रतिदिन लाइब्रेरी में पढ़ने जाते हैं। जब वह अपने गांव आते थे तो देखा था कि बच्चे यहां से साइकिल से गोंडा जाते थे, 25 किलोमीटर की दूरी तय कर पढ़ने के लिए। तो उन्हें लगा कि अगर उनके चौराहे पर ही लाइब्रेरी होगी तो इन सभी को इतनी दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी और उनके यहां जो भी आर्थिक रूप से कमजोर होगा, उन सभी को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी, क्योंकि उनका लक्ष्य यही है कि गांव का कोई भी छात्र पैसे की वजह से पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहा है तो उसकी पढ़ाई वह पूरी करवाएंगे। इस लाइब्रेरी का यही संकल्प है।
इस अवसर पर दलपतपुर प्रधान प्रतिनिधि अर्पित तिवारी, हिमांशु तिवारी, प्रेम तिवारी, मोनू शुक्ला, बंटी सिंह, शिवम गुप्ता, महेश वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










