त्योहारों के दृष्टिगत डीआईजी ने चन्दौली में किया पैदल गश्त
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। वैभव कृष्ण पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र ने आकाश पटेल पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में धनतेरस, दीपावली एवं भैया दूज पर्व के दृष्टिगत क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान बाजारों में पुलिस बल की तैनाती, पिकेट ड्यूटी एवं सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का निरीक्षण किया गया। साथ ही सर्राफा व्यवसाइयों, दुकानदारों एवं आम जनमानस से संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
इस दौरान आगामी त्योहारों के दृष्टिगत यातायात प्रबंधन योजना की समीक्षा करते हुए पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों एवं वन-वे यातायात व्यवस्था की व्यवहार्यता का परीक्षण किया गया। साथ ही विगत 10 वर्षों में दीपावली एवं भैया दूज पर घटित लूट एवं डकैती की घटनाओं की समीक्षा कर सक्रिय अपराधियों पर सतर्क निगरानी एवं प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीआईजी द्वारा संबंधित अधिकारियों को बाजारों में नियमित पैदल गश्त, प्रभावी चेकिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं व्यापारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।











