डीजे लदी पिकप व ट्रैक्टर-ट्राली में हुई भीषण टक्कर
दो की हुई मौत एवं आधा दर्जन से अधिक हुये घायल
ट्रैक्टर चालक ने मौके पर तोड़ा दम व एक युवक ने अस्पताल पहुंचते ही ली अंतिम सांस
अब्दुल शाहिद
बहराइच। डीजे लादकर आ रही पिकप वाहन की मंगलवार देर रात लखनऊ-बहराइच हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार मच गई। पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हुए। घटनास्थल पर पहुंची फखरपुर थाने की पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया वहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। बहराइच अस्पताल पहुँचते ही एक और घायल ग्रामीण युवक ने दम तोड़ दिया। 7 घायलों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर एएसपी सिटी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल-चाल लेकर समुचित इलाज के निर्देश दिए है। बता दें कि विजयदशमी और मूर्ति विसर्जन का दिन होने के चलते शहर के साथ गांव और कस्बों में भी लोगों में उल्लास था। शिवराजपुर गांव के लोग मूर्ति विसर्जन के लिए डीजे लेने फखरपुर गए थे। फखरपुर में डीजे को पिकअप वाहन पर लाद कर ग्रामीण युवक गांव लौट रहे थे। डीजे लदा पिकअप वाहन जब शिवराजपुर मोड पर पहुंचा तभी कैसरगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार मच गई। आस—पास के लोग दौड़े लेकिन हादसा इतना वीभत्स था कि लोग पिकअप वाहन में फंसे हुए थे। तत्काल मौके पर पहुंचे लोगों ने फखरपुर थाने को सूचना दी। हादसे की सूचना पाकर थानाध्यक्ष फखरपुर अनुज त्रिपाठी, एसएसआई बिंदेश्वरी यादव मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पिकप में फंसे घायलों को निकलवा कर सीएचसी फखरपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने पिकअप चालक 26 वर्षीय अल्ताफ पुत्र नन्हू को मृत घोषित कर दिया जबकि हादसे में घायल शिवराजपुर निवासी मिथिलेश (25) पुत्र राम मूरत, नरेंद्र (22) पुत्र अंबर, नीरज (10) पुत्र राकेश, नैमिष (10) पुत्र जयंकर, रामविलास (30) पुत्र राजित राम, विशाल (25) पुत्र रामजस, शिवकुमार (17) पुत्र भारत और अरविंद (15) पुत्र बाले को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया लेकिन मेडिकल कॉलेज में पहुंचते ही हादसे में घायल मिथिलेश ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।


















