ज्ञानवापी: ”देवस्य दक्षिणी भागे वापी तिष्ठति शोभना। तस्यात वोदकं पीत्वा पुनर्जन्म ना विद्यते”
मंजूलता शुक्ला
पुराणों के अनुसार ज्ञानवापी की उत्पत्ति तब हुई थी जब धरती पर गंगाजी नहीं थी तब भगवान शिव ने स्वयं अपने अभिषेक के लिए त्रिशूल चलाकर जल निकाला। यहीं पर भगवान शिव ने माता पार्वती को ज्ञान दिया, इसीलिए इसका नाम ज्ञानवापी पड़ा और जहां से जल निकला उसे ज्ञानवापी कुंड कहा गया। ज्ञानवापी का उल्लेख हिंदू धर्म के पुराणों में मिलता है तो फिर ये मस्जिद के साथ नाम कैसे जुड़ गया? वापी का अर्थ होता है कूप, बावडी़। ज्ञानवापी का सम्पूर्ण अर्थ है ज्ञान का तालाब। काशी की छः वापियों का उल्लेख पुराणों मे भी मिलता है।
पहली वापी: ज्येष्ठा वापी, जिसके बारे मे कहा जाता है की ये काशीपुरा मे थी, अब लुप्त हो गई है।
दूसरी वापी: ज्ञानवापी, जो काशी विश्वनाथ मंदिर के उत्तर में है।
तीसरी वापी: कर्कोटक वापी, जो नागकुंआ के नाम से प्रसिद्ध है।
चौथी वापी: भद्रवापी, जो भद्रकूप मोहल्ले मे है।
पांचवीं वापी: शंखचूड़ा वापी, लुप्त हो गई।
छठी वापी: सिद्ध वापी, जो बाबू बाज़ार मे है और अब लुप्त हो गई।
अठारह (18) पुराणों मे से एक लिंग पुराण मे कहा गया है: “देवस्य दक्षिणी भागे वापी तिष्ठति शोभना। तस्यात वोदकं पीत्वा पुनर्जन्म ना विद्यते।” इसका अर्थ है: प्राचीन विश्ववेश्वर मंदिर के दक्षिण भाग में जो वापी है, उसका जल पीने से जन्म मरण से मुक्ति मिलती है। स्कंद पुराण मे कहा गया है: उपास्य संध्यां ज्ञानोदे यत्पापं काल लोपजं| क्षणेन तद्पाकृत्य ज्ञानवान जायते नरः| अर्थात इसके जल से संध्यावंदन करने का भी बड़ा फल है, इससे भी ज्ञान उत्पन्न होता है, पाप से मुक्ति मिलती है।
स्कंद पुराण: योष्टमूर्तिर्महादेवः पुराणे परिपठ्यते।। तस्यैषांबुमयी मूर्तिर्ज्ञानदा ज्ञानवापिका।। अर्थात ज्ञानवापी का जल भगवान शिव का ही स्वरूप है। पुराण जो न जाने कितनी सदियों पहले लिखे गए, उसमें भी ज्ञानवापी को भगवान शिव का स्वरूप बताया गया है। सारे पुराण, कह रहे है की ज्ञानवापी हिंदुओं से जुड़ा हुआ है लेकिन आज आप सुनते हैं कि मस्जिद का नाम है ज्ञानवापी मस्जिद। मुस्लिम आक्रांताओं के आक्रमण से पहले काशी को अविमुक्त और भगवान शिव को अविमुक्तेश्वर कहा जाता था।
काशी में अविमुक्तेश्वर के स्वयं प्रकट हुए शिवलिंग की पूजा होती थी जिसे आदिलिंग कहा जाता था लेकिन मुस्लिम आक्रांताओं के आक्रमणों ने काशी के मंदिरों को कई बार नष्ट किया। मुहम्मद गोरी ने कुतुबुद्दीन ऐबक को बनारस विजय के लिए भेजा। कुतुबुद्दीन ऐबक के हमले में बनारस के 1000 से भी अधिक मंदिर तोड़े गए और मंदिर की संपत्ति कहा जाता है 1400 ऊंटों पर लादकर मोहम्मद गोरी को भेज दी गई। बाद में कुतुबुद्दीन को सुल्तान बनाकर, गोरी अपने देश वापिस लौट गया।
कुतुबुद्दीन ऐबक ने बनारस में शासन के लिए 1197 में एक अधिकारी नियुक्त किया था। बनारस में ऐबक के शासन ने बड़ी कड़ाई के साथ मूर्ति पूजा हटाने की पूरी कोशिश की। इसका नतीजा यह हुआ कि क्षतिग्रस्त मंदिर वर्षों तक ऐसी ही पड़े रहे, क्योंकि इन्होंने ऐसा तोड़ा और ऐसा इनका राज चलता था कि किसी की हिम्मत ही नहीं हुई कि इन मंदिरों को फिर से बनाए। लेकिन 1296 आते -आते, बनारस के मंदिर फिर से बन गए और फिर से काशी की शोभा बढ़ाने लगे।
बाद में अलाउद्दीन खिलजी के समय, बनारस के मंदिर फिर से तोड़े गए।फिर 14वीं सदी में तुगलक शासकों के दौर में जौनपुर और बनारस मे कई मस्जिदों का निर्माण हुआ।कहा जाता है, ये सभी मस्जिदें, मंदिरों के अवशेषों पर बनाई गई थीं। 14वीं सदी में जौनपुर मे शर्की सुल्तानो ने पहली बार, काशी विश्वनाथ मंदिर को तुड़वाया। 15वी सदी में सिकंदर लोदी के समय भी बनारस के सभी मंदिरों को फिर से तोड़ा गया।वर्षों तक मंदिर खंडहर ही बने रहे।
16वीं सदी में अकबर के शासन में उनके वित्त मंत्री टोडरमल ने अपने गुरु नारायण भट्ट के आग्रह पर 1585 में विश्वेश्वर का मंदिर बनवाया जिसके बारे में कहा जाता है कि यही काशी विश्वनाथ का मंदिर है। टोडरमल ने विधिपूर्वक, विश्वनाथ मंदिर की स्थापना ज्ञानवापी क्षेत्र में की। इसी ज़माने मे जयपुर के राजा मानसिंह ने बिंदुमाधव का मंदिर बनवाया लेकिन दोनों भव्य मंदिरों को औरंगजेब के शासनकाल मे फिर से तोड़ दिया गया।
1669 में औरंगजेब ने बनारस के सभी मंदिरों को तोड़ने का फरमान दे दिया था जिसके बाद बनारस में चार मस्जिदों का निर्माण हुआ जिसमें से 3 उस वक्त के प्रसिद्ध मंदिरों को तोड़कर बनी थी। इसमें विश्वेश्वर मंदिर की जगह जो मस्जिद बनी, उसे ज्ञानवापी मस्जिद कहा जाता है यह दावा है लोगों का। दूसरा दावा यह है कि बिंदुमाधव मंदिर के स्थान पर धरहरा मस्जिद बनी। फिर है आलमगीर मस्जिद जो कृतिवासेशवर मंदिर की जगह बनाई गई।
काशी विश्वनाथ मंदिर का 16वीं सदी का पुराना नक्शे मे कही भी मस्जिद का कोई भी ज़िक्र नहीं है। बीच में आप जो हिस्सा देख रहे हैं, वह ज्योतिर्लिंग दिख रहा है। नक्शे को 1820-1830 के बीच ब्रिटिश अधिकारी James Princep ने तैयार किया था। इसमें कहीं भी मस्जिद का ज़िक्र नहीं है। हर जगह, मंदिर बताया गया है और इस नक्शे के मुताबिक मंदिर प्रांगण के चारों कोनो पर तारकेश्वर, मनकेश्वर, गणेश और भैरव मंदिर दिख रहे है। बीच का हिस्सा गृभगृह है जहां शिवलिंग स्थापित है और उसके दोनो तरफ शिव मंदिर भी दिखते हैं।
ये जो लोग लाल border वाला हिस्सा देख रहे हैं, इसके बारे मे कहा जाता है कि यह आज की मस्जिद की boundary है। पुराने नक्शे में आपको शिवलिंग दिखाया जा रहा है। अब अगर आज की तारीख में आप जाइएगा तो शिवलिंग, मस्जिद परिसर के अंदर दिखता है। अब सवाल यह उठता है कि नंदी जी मस्जिद की तरफ क्यों देख रहे हैं जबकि काशी विश्वनाथ मंदिर तो उनके पीछे स्थित है। नंदी जी तो सदैव शिवलिंग की तरफ ही देखते हैं।
दावा यह भी किया जाता है कि जब औरंगजेब ने मंदिर तोड़ने के बाद वहीं पर मस्जिद बनाने का फरमान दिया था तब मंदिर के गृभगृह को ही मस्जिद का मुख्य कक्ष बनाने की योजना बनाई गई थी। इस योजना के अनुसार पश्चिम के दोनों छोटे मंदिर और श्रंगार मंडप तोड़ दिए गए और गृभगृह का मुख्य द्वार जो पश्चिम की तरफ था उसे चुन दिया गया। ऐश्वर्य मंडप और मुक्ति मंडप के मुख्य द्वार बंद कर दिए गये और मंदिर का यही भाग, मस्जिद की पश्चिमी दीवार बन गया।
मंदिर की पश्चिमी दीवार को ऐसे ही टूटी सि्थति में इसलिए रख दिया गया, क्योंकि औरंगजेब चाहता था कि हिन्दू समाज को नीचा महसूस हो। जब मंदिर तोड़ा गया उसके मलबे को भी वहीं पड़े रहने दिया गया। दीवारें आज भी वैसी ही हैं। ज्ञानवापी कुंड का जिक्र, पंचकोसी परिक्रमा मे भी है और मध्यकाल की पुरानी कलाकृतियों में भी ज्ञानवापी कुंड को मंदिर का हिस्सा दिखाया गया है जहां जाकर भक्त संकल्प लेते है और संकल्प पूरा होने के बाद फिर से ज्ञानवापी आते हैं।
ज्ञानवापी में पंडित जी, भक्तों का संकल्प छुड़वाते हुए कहते हैं— हे, ज्ञानवापी के पीठाधीश्वर, मैं पंचकौसी परिक्रमा का वाचिक, मानसिक रुप से समर्पित करते हुए मेरे प्राण छूटे तो आपकी शरण प्राप्त हो।
सारे नक्शे, पंचकौसी परिक्रमा, ज्ञानवापी, सारा ज़िक्र, हिंदुओं के साथ मिलता है। काशी की पंचकौसी परिक्रमा का सनातन धर्म में बड़ा महत्व है। मान्यता है की 25 कौस के इस क्षेत्र में 33 कोटि देवताओं का वास है। औरंगजेब के मंदिर तुड़वाने के 125 साल बाद इसका पुनर्निर्माण इंदौर की महारानी अहिल्याबाई ने करवाया था।
1777 में महारानी अहिल्याबाई ने ज्ञानवापी के बगल में दोबारा विश्वनाथ मंदिर बनवाया। 1828 के आस—पास नेपाल के राजा ने मंदिर परिसर मे नंदी की स्थापना करवाई। इसके बाद महाराजा रणजीत सिंह ने मंदिर के शिखर को सोने से मढ़वाया था। ये सब अभी वाला जो आप काशीविश्वनाथ मंदिर देखते हैं, उसके बारे मे बताया जा रहा है।
एक इतिहास यह भी है कि 18वीं सदी के दौरान मराठा सरदार मलहार राव ने काफी कोशिश की थी कि ज्ञानवापी मस्जिद की जगह मुस्लिम, वाजिब मुआवजा लेकर, विश्वनाथ मंदिर फिर बनवा दे लेकिन अंग्रेज, मस्जिद तोड़कर मुस्लिम समाज को नाराज़ नहीं करना चाहते थे।
काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद का मामला 1936 मे कोर्ट भी पहुंचा था। तब मुस्लिम पक्ष ने पूरे परिसर को मस्जिद करार करने की अपील भी की थी। 1937 मे वाराणसी ज़िला अदालत ने मुस्लिम पक्ष की अपील को खारिज करते हुए कहा था कि ज्ञानकूप के उत्तर मे ही भगवान विश्वनाथ का मंदिर है, क्योंकि कोई दूसरा ज्ञानवापी कूप बनारस मे नहीं है। जज ने ये भी लिखा की एक ही विश्वनाथ मंदिर है जो ज्ञानवापी परिसर के अंदर है।
इतिहासकार अनंत सदाशिव अलतेकर ने 1937 में एक किताब प्रकाशित करते है ‘History Of Banaras’। इसमें भी कहा गया है कि मस्जिद के चबूतरे पर स्थित खंबों और नक्काशी को देखने से प्रतीत होता है कि ये 14वीं-15वीं शताब्दी के है। प्राचीन विश्वनाथ मंदिर मे ज्योतिर्लिंग 100 फीट का था। अरघा भी 100 फीट का बताया गया है। ज्योतिर्लिंग पर गंगाजल, बराबर गिरता रहा है जिसे पत्थर से ढक दिया गया। यहां शृंगार-गौरी की पूजा-अर्चना होती है। तहखाना यथावत है, ये खुदाई से सपष्ट हो जाएगा।
विश्वनाथ मंदिर, बार-बार गिराए जाने का उल्लेख, विद्वान नारायण भट्ट ने अपनी किताब ‘त्रिस्थली सेतु‘ में भी किया है। यह किताब संस्कृत में 1585 में लिखी गई थी। नारायण भट्ट ने अपनी किताब में लिखा है कि अगर कोई मंदिर तोड़ दिया गया हो और वहां से शिवलिंग हटा दिया गया हो या नष्ट कर दिया गया हो, तब भी वह स्थान महात्म्य की दृष्टि से विशेष पूजनीय है। अगर मंदिर नष्ट कर दिया गया हो तो खाली जगह की भी पूजा की जा सकती है।
इतिहासकार डा. मोती चंद ने अपनी किताब काशी का इतिहास मे लिखा है कि “विद्वान नारायण भट्ट का समय 1514 से 1595 तक था और ऐसा जान पड़ता है कि उनके जीवन के बड़े काल में काशी में विश्वनाथ मंदिर नहीं था”। मतलब उस दौर में मंदिर तोड़ा हुआ था, उसका पुनर्निर्माण नहीं हुआ था और ऐसा पता चलता है की औरंगजेब से पहले विश्वनाथ के 15वीं सदी के मंदिर के स्थान पर कोई मस्जिद नहीं बनी थी। ज्ञानवापी मस्जिद का 125×18 फुट नाप का पूरब की ओर का चबूतरा शायद 14वीं सदी के विश्वनाथ मंदिर का बचा हुआ भाग है।”
डा. मोतीचंद यह भी बताते हैं कि मंदिर केवल गिराया ही नहीं गया उस पर ज्ञानवापी की मस्जिद भी उठा दी गई। मस्जिद बनाने वालों ने पुराने मंदिर की पश्चिमी दीवार गिरा दी और छोटे मंदिरों को जमीदोंज कर दिया।पश्चिमी उत्तरी और दक्षिणी द्वार भी बंद कर दिए गए। द्वारों पर उठे शिखरों को गिरा दिया गया और उनकी जगह पर गुंबद खड़े कर दिए गए। गर्भगृह मस्जिद के मुख्य दालान में परिणित हो गया। चारों अंतरगृह बचा लिए गए और उन्हें मंडपों से मिलाकर 24 फुट दालान निकाल दी गई। मंदिर का पूर्वी भाग तोड़कर एक बरामदे में बदल दिया गया।
इसमें अब भी पुराने खंभे लगे हैं। मंदिर का पूर्वी मंडप जो 125×35 फुट का था, उसे एक लंबे चौक में बदल दिया गया। “तीन चीजें ज्यादा देर तक छिपी नहीं रह सकतीं: सूर्य, चंद्रमा और सत्य” –भगवान बुद्ध शिव ही सत्य हैं। नंदी महाराज का वर्षों का इंतजार खत्म हुआ, बाबा मिल गए।
(लेखिका एक हिन्दी मासिक की विशेष संवाददाता एवं धार्मिक मामलों की जानकार हैं)
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










