क्यों खामोश है लखनऊ पुलिस? महीने भर से लापता दानिश का सुराग नहीं
परिजनों ने खुद निकलवायी कॉल डिटेल, खाकी के कर्तव्य पर उठे सवाल

तेजस टूडे ब्यूरो
जैनब अकिल खान
लखनऊ। राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करने वाला एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बालागंज (निगम रोड) से 17 अक्टूबर को ‘घंटाघर घूमने’ जाने की बात कहकर घर से निकला 17 वर्षीय दानिश आज तक वापस नहीं लौटा। घर के इस इकलौते चिराग के लापता हुए आज पूरे 1 महीना 2 दिन (33 दिन) बीत चुके हैं लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस तकनीकी जांच और सर्विलांस को पुलिस का मुख्य हथियार माना जाता है, उसमें भी खाकी पूरी तरह विफल रही—मजबूरन पीड़ित परिवार को खुद निजी स्तर पर बेटे की कॉल डिटेल निकलवानी पड़ी जबकि पुलिस ने अब तक कोई ठोस पहल नहीं किया।
अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन? उच्च अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग: रात के अंधेरे में लखनऊ की सड़कों पर भटकते बेबस माता-पिता अब सिर्फ एक ही सवाल पूछ रहे हैं—अगर खुदा न खास्ता उनके घर के चिराग के साथ कोई अनहोनी हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? पुलिस की यह घोर लापरवाही और संवेदनहीनता सीधे तौर पर उसके कर्तव्यों पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने शासन तथा पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर दानिश की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग किया है।







