अघोषित बिजली कटौती से आम जनमानस बेहाल
लोकल फाल्ट व ट्रिपिंग बनी परेशानी का सबब
जयशंकर दूबे/राजीव शुक्ल
धम्मौर, सुल्तानपुर। स्थानीय कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में हो रही 8 से 10 घंटे की बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं बरसात न होने से कृषि कार्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। विद्युत कारपोरेशन द्वारा जारी रोस्टर के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति किए जाने का शेड्यूल जारी किया गया है किंतु कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र द्वारा मात्र 8 से 10 घंटे की विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
बार-बार हो रही ट्रिपिंग व रोस्टिंग से ग्रामीणों में विभाग के प्रति काफी आक्रोश देखा जा रहा है। विद्युत कटौती का आलम यह है कि कोई दिन या रात ऐसी नहीं बीतती जिस दिन ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती न की जा रही हो जिसके चलते उपभोक्ताओं को इन दिनों पड़ रही उमस भरी भीषण गर्मी में दिन का चैन और रात की नींद हराम हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे बदहाल विद्युत आपूर्ति धम्मौर फीडर में की जा रही है। कम बिजली मिलने की वजह से कृषि कार्य में भी बुरा असर देखने को मिल रहा है। किसानों का कहना है कि बरसात न होने से तथा बिजली की अघोषित कटौती से खेती के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















