लोन के नाम पर ढाई लाख की ठगी
10 फीसदी ब्याज पर रुपए लेकर खाते में भेजी प्रोसेसिंग फीस, घर बनवाने के लिए चाहिए था पैसा
अजय जायसवाल
गोरखपुर। आनलाइन ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय है। यहां के लोग आए दिन ठगे जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार को सामने आया। जहां 10 लाख का लोन दिलाने के लिए जालसाजों ने एक व्यक्ति से 2 लाख 58 हजार रुपए अपने अलग-अलग खाते में मांगा लिया। अंत में उसे लोन भी नहीं दिया और पीड़ित का मोबाइल नंबर ही ब्लाक कर दिया। पीड़ित ने शनिवार को साइबर सेल में तहरीर दिया है।
साइबर सेल मामले की जांच कर रहा है। चौरीचौरा के पकड़ी विशंभरपुर निवासी विजेंद्र पांडेय छोटा मोटा काम करते हैं। उन्हें अपना मकान बनवाना था। जिसके लिए लोन की जरूरत थी। मार्च 2022 में उन्होंने फेसबुक पर एक आनलाइन लोन मिलने का प्रचार देखा और प्रचार के लिंक पर क्लीक कर दिया। उसमें आप्शन आने पर अपना नाम व मोबाइल नंबर डाल दिया। जिसके बाद 7980539571 मोबाइल नंबर से एक व्यक्ति ने पीड़ित के मोबाइल नंबर 8853738391 पर फोन किया और बताया कि वह रिलायंस फाइनेंस कंपनी से बोल रहा है। बिना गवाह के केवल आधार, पैनकार्ड पर ही 10 लाख का लोन तत्काल देने का झांसा दिया।
21 बार में मंगाए रुपए
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित ने बताया कि जालसाज ने अपने अलग अलग खातों में, अलग अलग गूगल पे के नंबरों पर कुल 21 बार में 2 लाखा 58 हजार 540 रुपये मंगा लिया। अंतिम बार उसने 21 अप्रैल को 25 हजार मंगाया था। इसके बाद फोन करने वाले ने पीड़ित का मोबाइल नंबर ही ब्लैक लिस्ट में डाल दिया।
इनाम देने के नाम पर मंगा लिया 70 हजार
वहीं जालसाजों ने महादेव झारखंडी के विशाल नामक युवक से इनाम जीतने का झांसा दिया। जालसाज ने अपने खाते में उनसे कई बार में 70 हजार मंगा लिया। जालसाजी का शक होने पर उन्होंने शुक्रवार को साइबर सेल में शिकायत की है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।