महिला सहित 10 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
963174
महिला सहित 10 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
जयेश बादल ललितपुर। शहरी क्षेत्र के अंतर्गत आईटीआई कॉलोनी के पास बेशकीमती भूमि को लेकर विवाद गर्माता जा रहा है। उक्त भूमि को लेकर पहले धोखाधड़ी से विक्रय करने के आरोप में कई लोगों पर मामला पंजीकृत कराया गया था। जिसके बाद अब न्यायालय के आदेश पर एक महिला सहित 10 आरोपियों के खिलाफ उक्त भूमि को धोखाधड़ी जालसाजी कर विक्रय करने का आरोप लगाते हुए मामला पंजीकृत कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सुभाषपुरा निवासी सुमित अग्रवाल पुत्र प्रहलाद बाबू ने न्यायालय में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपने अधिवक्ता के माध्यम से अवगत कराया कि आईटीआई कॉलेज के सामने बेशकीमती जमीन को धोखाधड़ी से विक्रय कर करोड़ों रुपए अर्जित कर लिए गए हैं। आरोप है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खड़ेरा निवासी श्रीमती उर्मिला चौबे पत्नी प्रकाश नारायण ने अपने 10 अन्य साथियों के बल पर एक षडयंत्र पूर्वक जालसाजी करते हुए धोखाधड़ी के साथ करोड़ों रुपए की भूमि का विक्रय कर दिया।
इतना ही नहीं जब उक्त तथाकथित लोगों की इस हरकत पर विरोध जताया गया, तो उन्होंने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट पर आमादा हो गए। न्यायालय ने मामले को संज्ञान में लेकर दी गई तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत करने का आदेश सदर कोतवाली पुलिस को दिया। सदर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मामले को सुसंगत धाराओं में पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।