तीस वर्षों से बिछड़ा बेटा मिला | #TejasToday
माँ बाप का उमड़ पड़ा कारुणिक प्यार का सैलाब
स्वप्न में पिता की मृत्यु देखकर बेटे को आयी घर की याद

डॉ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर (टीटीएन) 09 अप्रैल। 30 वर्षों के लम्बे अन्तराल के बाद जब माँ बाप से बिछड़ा उसका आंखों का तारा बेटा मिला, तो दोनों को जैसे खुद पर ही नहीं यकीन हो रहा था, यह किसी फिल्म की पटकथा नहीं है बल्कि विकासखण्ड खुटहन स्थित पट्टीनरेन्द्रपुर गांव की सच्ची घटना है। कहते हैं भगवान बड़ा कारसाज है कोई कितना भी प्रयत्न कर ले लेकिन उसके आगे किसी की नहीं चलती।
घटना 11 नवम्बर 1991 की है जब उक्त गांव निवासी कृष्ण चन्द तिवारी (जर्मनी) का 16 वर्षीय पुत्र कृष्ण चन्द तिवारी (गुड्डू) किसी बात को लेकर घर से नाराज होकर कहीं चला गया। इकलौते पुत्र के घर से नाराज होकर कहीं चले जाने से माता पिता परेशान हो गये। उस समय जर्मनी तिवारी की पट्टीनरेन्द्रपुर बाजार में रेडियो टेपरिकार्डर, मरम्मत करने की दुकान थी, बचपन से ही विनम्र स्वभाव का गुड्डू भी पढ़ाई करने के साथ ही पिता के काम में हाथ बटाता था। पुत्र के घर छोड़कर चले जाने से माता पिता पूरी तरह से टूट गये। कई वर्षों तक बेटे की तलाश करते रहे।
सर्राफा कारोबारी का होटल रिवरव्यू के पास सड़क के किनारे टीनशेड में मिला लाश | #TejsToday
मन्दिरों पर मत्था टेका, साधू, सन्त के अलावा पण्डितों और तांत्रिकों के यहां भी फरियाद लेकर गये लेकिन चारों तरफ निराशा ही हाथ आयी। समय बीतने के साथ ही माता पिता की आस भी टूट गयी। इधर कृष्ण चन्द घर से निकलकर किसी तरह दिल्ली शहर पहुंच गया और मेहनत मजदूरी करके अपना पेट पालने लगा। दिल्ली में ही आशियाना बनाने का ख्वाब लिये वह जीवन से संघर्ष करते हुए कामयाबी तो हासिल कर ली, अपना निजी मकान तथा खुद का व्यापार चल पड़ा, शादी भी वहीं कर ली। तीन बच्चों का पिता भी बन गया लेकिन समय चक्र के साथ ही वह अपनी जन्मभूमि व माँ बाप को अपने जीवन की यादों से भुला दिया लेकिन भाग्य को कौन टाल सकता है। एक रात कृष्ण चन्द स्वप्न में पिता की मृत्यु देखता है और बेचौन हो उठता है। दिल्ली स्थित पड़ोस के मित्र रवि सिंह से सारी बात बताने के बाद कृष्ण चन्द पिता की सुध लेने के लिये उससे कहता है तो उसका मित्र वीर सिंह खुटहन निवासी अपने रिश्तेदार सन्टू सिंह को पट्टीनरेन्द्रपुर भेजकर परिजनों को सारी जानकारी देता है। बेटे की खबर मिलते ही बूढे माता-पिता खुशी से झूम उठते हैं।
दूसरे दिन पड़ोस के लोग कार से दिल्ली गये और कृष्ण चन्द तिवारी को घर ले आये। तीस वर्षों से बिछड़े बेटे को देखते हीं मां कृष्णावती और पिता जर्मनी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। भारी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों की आंखें सजल हो उठी। माता पिता अपने पुत्र को कलेजे से लगाकर मानों तीस वर्षों के प्रेम को समेट रहे हों। इस अवसर पर राम लवट तिवारी, डा. गया प्रसाद अग्रहरि, पवन तिवारी, राणा शिवेन्द्र सिंह, जब्बार हासमी, कृष्णा तिवारी, सन्तोष अग्रहरि आदि मौजूद रहे।










