पूर्व मंत्री पर घर में घुसकर पीटने का आरोप, पूर्व जिपं सदस्य ने दी तहरीर
अजय जायसवाल
गोरखपुर। चिल्लूपार विधानसभा सीट का चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है। प्रत्याशी एक दूसरे पर मारपीट व हमला करने का आरोप लगाकर या तो तहरीर दे रहे हैं या फिर केस दर्ज करा रहे हैं। बुधवार की देर रात चिल्लूपार के बीजेपी प्रत्याशी व पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य पर केस दर्ज कराया था तो अब गुरुवार को जानलेवा हमला करने के आरोपित पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत यादव ने पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी पर घर में घुसकर पीटने का आरोप लगाया है।
उन्होंने गोला थाने में तहरीर भी दी है। गोला थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव के लोग गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और तहरीर देकर भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी व उनके समर्थकों पर अभद्रता, गाली-गलौज व घर में घुसकर मारने-पीटने का आरोप लगाया। उन्होंने थानेदार को तहरीर दे दी है। हालांकि पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है उसका कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। राजेश त्रिपाठी की तहरीर पर एक घंटे के अंदर केस दर्ज करने वाली गोला पुलिस अब सपा नेताओं की तहरीर पर जांच का हवाला दे रही है।
लेकर सपा नेताओं में आक्रोश है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत यादव ने तहरीर में लिखा है कि बुधवार की शाम साढ़े 7 बजे भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी, गांव के गणेश व भगवती विश्वकर्मा समेत 50 अज्ञात लोग दरवाजे पर पहुंचे और भरत यादव के घर के साथ ही शेषनाथ, राहुल, गामा व विजय के दरवाजे पर लगे सपा के बैनर-पोस्टर को उखाड़ दिया। सपा नेताओं को गाली-गुप्ता और नारेबाजी करने लगे। विरोध करने पर मारने के लिए दौड़ा लिया। आरोप है कि घर में घुसकर मारा पीटा गया। महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। उसके बाद मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
राजेश त्रिपाठी ने लगाया था हमले का आरोप
दर्ज मुकदमे में राजेश त्रिपाठी ने बताया था कि वह गोला क्षेत्र में बुधवार की रात प्रचार कर रहे थे। इस दौरान सपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत यादव अपने कुछ लोगों के साथ प्रचार करते हुए आ रहे थे। इस दौरान दोनों के समर्थकों में हूटिंग शुरू हो गई। देखते ही देखते पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने राजेश पर हमला कर दिया। मारने पर उतारू हो गए किसी तरह सुरक्षाकर्मियों की वजह से उनकी जान बची। चर्चा है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य सपा प्रत्याशी के समर्थक हैं जिसके बाद गोला पुलिस ने विवेकानंद यादव, जगमोहन यादव, धर्मदेव यादव, राहुल यादव, शत्रुघ्न यादव, विजय यादव, भरत यादव समेत 6 नामजद व 120 अज्ञात पर धारा 147, 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













