बाढ़ के पानी ने अपने आगोश में लिया परिक्रमा मार्ग
बांकेबिहारी मन्दिर का वीआईपी मार्ग बन्द
आरके धनगर
मथुरा। यमुना में जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है जो यमुना डूब क्षेत्र में बनी कॉलोनी के निवासियों के लिए चिंता का सबब तो है ही, साथ ही प्रशासन के लिए यह बड़ी चुनौती है कि इन कॉलोनियों में घिर चुके लोगों को बाहर निकाला जाए जिससे और अधिक जलप्रवाह होने की स्थिति में लोगों को जानमाल के नुकसान से बचाया जा सके। वहीं जलस्तर बढ़ने से बाधित हुए परिक्रमा मार्ग को प्रशासन द्वारा बैरीकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। केशी घाट की सभी सीढ़ियां अब तक जलमग्न हो चुकी हैं। तीर्थनगरी की पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग में वाराह घाट से लेकर केशीघाट तक पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।
इसके साथ ही वाराह घाट से लेकर पानीगांव पुल के नीचे तक बनीं दर्जनों अवैध कालोनियों श्याम नगर, मोहिनी नगर, पानीगांव पुल नीचे बनी कॉलोनी और कुंभ मेला क्षेत्र में अवैध निर्मित कॉलोनी में भी बाढ़ का पानी घुस चुका है। बांकेबिहारी महाराज के वीआईपी दर्शनों का मार्ग अब पूरी तरह बंद हो चुका है। यहां जादौन पार्किंग पानी में डूब चुकी है। वहीं चीरघाट पर बड़ा रासमंडल तक पानी का प्रवाह आ चुका है। इतना ही नहीं मोक्षधाम भी जलमग्न हो गया है। ज्ञानगुदड़ी क्षेत्र में भी पानी घुस चुका है। ऐसे में वृन्दावन की परिक्रमा पूरी तरह बंद हो चुकी है।
प्रशासन के सामने बाढ़ के हालातों में अपने घरों से न निकल सके लोगों को बाहर निकालने की बड़ी चुनौती प्रशासन के सामने है। लोगों को जलस्तर में इतने इजाफे की उम्मीद नहीं थी। जिन लोगों को प्रशासन द्वारा बाहर निकाला गया है उन्हें हजारीमल सोमाणी और नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज में बने अस्थायी राहत शिविर में पहुंचाया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













