पेण्ट के गोदाम में लगी आग, करोड़ों का माल जला
मुश्किल से पहुंची दमकल को खड़ा करने की जगह नहीं
अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। जनपद की सबसे घनी और पुरानी बाजार अमीनाबाद में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग पेंट के गोदाम में लगी जिसमें करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो गया। दमकल की 6 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। गनीमत रही कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमीनाबाद के श्रीराम रोड पर बालमुकुंद हनुमन्त राय की पेंट की दुकान है।

दो मंजिल की बिल्डिंग में दुकान के साथ गोदाम भी बना हुआ है। सोमवार की शाम गोदाम से अचानक धुंआ उठता देख कर्मचारी बाहर भागे। देखते-देखते यहाँ आग की लपटें उठने लगी। अमीनाबाद कोतवाली के ठीक बगल में दुकान में लगी आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी। भीषण आग की सूचना पर चौक और हजरतगंज फायर स्टेशन से छह दमकल अमीनाबाद पहुँची लेकिन सड़कों पर भीड़ की वजह से दुकान तक पहुँचने में मुश्किल हुई।
गाड़ियां वहाँ पहुँची तो उन्हें खड़े होने की जगह भी नही थी। किसी तरह इधर-उधर गाड़ियां खड़ी कर दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। गोदाम में पेंट के साथ तारपीन और अन्य ज्वलनशील सामान भरे होने की वजह से आग बढ़ती जा रही थी। हालांकि फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोक लिया। सीएफओ विजय सिंह का कहना है कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













