किसानों को समय पर बीज-खाद मिले, नहर एवं बिजली आपूर्ति में लापरवाही पर होगी कार्यवाही: जिलाधिकारी
जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी में किसानों की समस्याओं पर हुआ मंथन
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने, रबी फसलों की बेहतर पैदावार और कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को जमुना पैलेस में जनपद स्तरीय रबी गोष्ठी-2026, मक्का गोष्ठी, मिलेट्स रेसिपी विकास एवं जागरूकता कार्यक्रम तथा किसान मेला-प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी एवं कालपी विधायक विनोद कुमार चतुर्वेदी ने प्रतिभाग किया। अतिथियों ने गोष्ठी का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं एवं तकनीकी जानकारियों की जानकारी लिया।
डॉ. अनुरागी ने नहरों का संचालन रोस्टर के अनुसार कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने नलकूप विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत एवं यांत्रिक दोषों से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की अपील किया। उन्होंने फसल बीमा संबंधी लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय से गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध कराए जाएं। नहरों का संचालन निर्धारित रोस्टर के अनुसार तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उर्वरक वितरण पर सतत निगरानी रखने और अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष एवं कृषि वैज्ञानिक मंजुल पाण्डेय सहित विशेषज्ञों ने किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, कीट एवं रोगों की पहचान, फसल सुरक्षा और उनके प्रभावी उपचार की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की योजनाओं, रबी अभियान की रणनीति और फार्मर रजिस्ट्री के महत्व से अवगत कराया। साथ ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मोटे अनाज (मिलेट्स) से बने व्यंजनों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लम्बरदार, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, जिला प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।













