जमीनी विवाद में परिवार पर हमला, एक की हुई मौत
मृतक के पुत्र ने सगे भाइयों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। अयोध्या में जाना बाजार लौटन लाल का पुरवा में भूमि विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। घटना मंगलवार रात की है। हमले में दो महिलाओं सहित चार लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। हमले में घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार की रात गांव निवासी राम नारायन के घर पर विजय और उसके भाई अंकित, करन व पांच-छह अज्ञात साथियों ने हमला कर दिया। विपक्षियों ने राम नारायन को लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
बीच बचाव करने आए राम अचल के स्वजन को भी हमलावरों ने पीटा। इस हमले में राम नारायन उनकी पत्नी सोना, पुत्री रेखा एक चचेरे भाई संजय निषाद को गंभीर चोटें आईं हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां रामनारायन की मौत हो गई। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स तैनात कर दी गई है। थानाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि मृतक के पुत्र संजीव की ओर से मिली तहरीर के आधार पर विजय व उसके भाई अंकित, करन सहित अज्ञात लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













