जिन्दा पशुओं का निर्यात भारत पर कलंक: सुधासागर महराज
मुकेश तिवारी
झांसी। मेडिकल क्षेत्र स्थित श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र सांवलिया पार्श्वनाथ करगुंवा जी में धर्मसभा को संबोधित करते हुए जगतपूज्य निर्यापक श्रमण मुनि सुधासागर महाराज ने कहा कि इस देश के वोटर बहुत सीधे हैं, सरकार बहुत बुद्धु बना रही हैं। अभी तक का नियम था कि मरे हुए पशुओं का मांस ही निर्यात किया जाता था लेकिन अब ऐसा प्रस्ताव पास होने वाला है जिसमें जिंदा पशु निर्यात किए जायेंगे। 17 जून को ये भारत पर कलंक लगने वाला हैं।
मुनिश्री ने सारे भारत के लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि समय रहते इस बिल पर आपत्ति लगाने का कार्य करें। क्योंकि वस्तु का निर्यात किया जा सकता हैं लेकिन जान का नहीं। मूक निरीह जिंदा पशुओं में जान हैं। जिस प्रकार जिंदा मनुष्यों को निर्यात करना अपराध है उसी तरह यह भी बहुत बड़ा अपराध हैं। इस देश में क्या हो गया है? क्या इतनी कंगाली आ गई है कि शंकर जी के नंदी को बेचा जा रहा हैं, आदिनाथ सहित 24 तीर्थंकरों के चिन्हों को बेचा जा रहा हैं, गौ माता को बेचा जा रहा हैं।
जो स्मगलर लोग बच्चे बच्चियों को बेंचकर निर्यात करते हैं, उनको क्यों अपराधी कहा जाता हैं? अब जब पशुओं को जिंदा बेचा जा रहा है तो एक दिन ऐसा आएगा जब मनुष्यों को जिन्दा बेचा जाएगा। अंत में मुनिश्री ने ओजस्वी वाणी में आवाह्न करते हुए अपार समूह से कहा कि रोको, जागो, चेतो सारी समाज चेतो, जैन चेतो, वैष्णव हिंदू चेतें, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, महासमिति, महासभा सारे भारत के लोग चेतों और मेरी आवाज़ को संपूर्ण देश में पहुंचाने का काम करो जिससे जिंदा पशुओं की निर्यात वाले प्रस्ताव पर ज्यादा से ज्यादा आपत्तियां लग जाएं।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहना चाहूंगा आपसे बहुत बड़ी उम्मीद थी आप खुद शाकाहारी हैं, नवरात्रि में जब आप विदेश में गए थे। नींबू के बल पर रहे थे। कम से कम आपके राज में तो ये जिन्दा पशुओं के निर्यात का प्रस्ताव पास नहीं होना चाहिए। यदि ये प्रस्ताव पास होता है तो ये देश पर कलंक है और ये भारत माता कभी तुम्हें माफ नहीं करेगी और भारत माता की धरती का अभिशाप जन्म-जन्मांतरों तक भोगना पड़ता हैं इसीलिए शासन, प्रशासन, न्यायालय सबसे मेरा कहना हैं कि इस प्रस्ताव को पास मत होने दो। ये भारतीय संस्कृति की सभ्यता के खिलाफ हैं।
मुनिश्री ने भारत देश के सभी अहिंसा के पुजारियों से कहा कि भारत सरकार के पशु पालन विभाग में जीमेल के माध्यम से आपत्तियां लगाएं हमारा काम है राजा को सचेत करना अगर सरकार नही मानेगी तो कम से कम उन पशुओं की हत्या के पाप से आप बच जाओगे। यदि आपने आपत्ति नहीं लगाई तो आप सबको निर्यात होने वाले उन मूक पशुओं की हत्यारा माना जाएगा।
इस संबध में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य,जैन समाज झांसी के संरक्षक अजित जैन,राजीव जैन सिर्स, पंचायत कार्याध्यक्ष युथप सर्राफ ‘पिंकी’, कनिष्ठ उपाध्यक्ष वरुण जैन, सौरभ जैन सर्वज्ञ सहित हजारों लोगों ने तत्काल पशुपालन विभाग की मेल आईडी पर आपत्ति दर्ज कराई। जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विनिश्चय ग्रुप के प्रवक्ता सौरभ जैन सर्वज्ञ ने बताया कि भारत सरकार के पशुपालन विभाग द्वारा जारी प्रस्ताव पर आपत्ति लगाने की आखिरी तारीख 17 जून हैं। सभी अहिंसक,जीवदया, शाकाहार प्रेमी अपनी आपत्ति अवश्य भेजें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












