आबकारी मंत्री ने किसान मेले का किया शुभारम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। अन्तर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस एवं राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत एक दिवसीय किसान मेला/कृषि ज्ञान संगोष्ठी एवं कृषि सूचनातंत्र के सुदृढीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन सम्भागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केन्द्र निकट बिलग्राम चुंगी में किया गया। मुख्य नितिन अग्रवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), आबकारी एवं मद्य निषेध द्वारा कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन कर किया गया तथा कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का मुख्य अतिथि द्वारा अधिकारी एवं किसानों साथ अवलोकन किया गया।
मुख्य अतिथि ने किसानों को सम्बोधित कर कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए अनेकों योजनायें चलायी जा रही है। किसान भाई उसका लाभ उठाकर अपनी आमदनी दोगुना कर रहे है। किसान मेले में कृषि विभाग एवं कृषि से संबंधित अन्य विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने तथा कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार हेतु स्टॉल एवं प्रदर्शनी भी लगाई गयी है जिससे किसान भाई विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाये। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार का प्रयास है कि इन योजनाओं की जानकारी गाँव के अंतिम छोर पर रहने वाली महिला तक पहुँचे और प्रत्येक पात्र महिला को उसका लाभ मिल सके। एक जनप्रतिनिधि के रूप में हमारा दायित्व है कि हम ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किये जाय।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, हरदोई एवं सण्डीला उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, सदर प्रभारी, भूमि परीक्षण प्रयोगशाला, हरदोई, प्रभारी, अनुकरणीय ट्रायल, शोध केन्द्र हरदोई, सलाहकार एनएएफएसएम, कृषि विभाग के समस्त क्षेत्रीय कर्मचारी एवं भारी संख्या कृषक उपस्थित रहे।













