गोंडा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की सतर्कता से मूकबधिर युवक सुरक्षित बरामद

तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष लखनऊ से प्राप्त सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) गोंडा ने तत्परता दिखाते हुए एक मुक-बधिर युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। सूचना मिली थी कि एक मूकबधिर व्यक्ति को दूसरा मूकबधिर व्यक्ति बहला-फुसलाकर ट्रेन से कहीं ले जा रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट गोंडा के निरीक्षक अनिरुद्ध राय अपनी टीम और सीआईबी गोंडा के साथ रेलवे स्टेशन पर सक्रिय हो गए। ट्रेन संख्या 15565 वैशाली एक्सप्रेस के गोंडा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शाम करीब 7:25 बजे पहुंचने पर टीम ने सघन जांच शुरू की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक स्थित फूड प्लाजा के पास एक बेंच पर बैठा युवक मिला।
युवक से इशारों के माध्यम से बातचीत की गई। उसके पास मौजूद मोबाइल से वीडियो कॉल कर उसके परिजनों से संपर्क कराया गया। थाना लोटन, जिला सिद्धार्थनगर में मौजूद उसके परिजनों ने युवक की पहचान धर्मवीर के रूप में की। आरपीएफ टीम ने धर्मवीर को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले दूसरे मुक-बधिर व्यक्ति की ट्रेन में काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला और ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। फिलहाल धर्मवीर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंडा में सुरक्षित रखा गया है। उसके पिता और अन्य परिजन सिद्धार्थनगर से सड़क मार्ग से गोंडा के लिए रवाना हो चुके हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









