HomeTrendingकिसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने में लापरवाही पर डीएम सख्त

किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने में लापरवाही पर डीएम सख्त

  • किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने में लापरवाही पर डीएम सख्त

  • धान खरीद शून्य मिलने पर केन्द्र प्रभारियों से जवाब तलब

तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, जालौन। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कृषि उपज की खरीद सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में धान, ज्वार एवं बाजरा खरीद की केंद्रवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान धान खरीद की प्रगति शून्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित क्रय केंद्र प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्र तत्काल सक्रिय किए जाएं और किसानों से निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीद प्रारंभ कराई जाय।
बैठक में खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये तथा ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार ज्वार हाइब्रिड का समर्थन मूल्य 4023 रुपये, मालदण्डी का 4073 रुपये तथा बाजरा का समर्थन मूल्य 2900 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। धान खरीद के लिए जनपद में 800 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए उरई, जालौन एवं माधौगढ़ में क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं लेकिन समीक्षा के समय तक किसी भी केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हुई थी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित केंद्र प्रभारियों से जवाब तलब करते हुए शीघ्र खरीद प्रारंभ कराने और नियमित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ज्वार खरीद के लिए 14,500 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित है जिसके सापेक्ष जनपद में 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक 849 कुंतल ज्वार की खरीद हुई है जबकि छह केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर तत्काल खरीद प्रारंभ कराई जाय जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भटकना न पड़े। वहीं बाजरा खरीद के लिए 3,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 12 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक 32.50 कुंतल बाजरे की खरीद हुई है। जिलाधिकारी ने बाजरा खरीद में भी तेजी लाने तथा सभी केंद्रों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना शासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी करें, किसानों को समर्थन मूल्य एवं खरीद प्रक्रिया की जानकारी दें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, खाद्य विपणन अधिकारी रुचिता ओमर सहित सम्बधित क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Must Read