डीएम—एसपी ने विसर्जन स्थल अंधरपुरवा घाट का लिया जायजा
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने दुर्गा पूजा के दृष्टिगत विकास खंड इकौना अंतर्गत विसर्जन स्थल अंधरपुरवा घाट का जायजा लिया तथा शान्तिपूर्ण एवं व्यवस्था पूर्ण ढंग से दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन कराने हेतु सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने विसर्जन घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर सभी तैयारियों को मुकम्मल करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान गड्ढा खोदने का कार्य पूर्ण पाया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि घाट पर साफ सफाई, लाईट व्यवस्था आज रात तक पूरी कर ली जाए एवं आने जाने वाले मार्ग को भी साफ कर दिया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं ग्राम वासियों से मिलकर विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सकुशल ढंग से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने का निर्देश दिया। इसके अलावा व्यवस्था पूर्ण ढंग से विसर्जन कराने हेतु उप जिलाधिकारी इकौना एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कराए और किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण या नारे न लगाये जायं जिससे किसी भी अन्य समुदाय के व्यक्ति को भावनाओं को ठेस पहुंचे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी ग्रामवासी हिल मिल कर त्योहार मनाये, अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, यदि कोई भी व्यक्ति सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करते पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी इकौना रवेंद्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत पासवान, खंड विकास अधिकारी इकौना, थानाध्यक्ष सहित ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण एवं संभ्रांत व्यक्ति उपस्थित रहे।













