डीएम एवं एसपी ने तहसील सिराथू में सुनीं जनशिकायतें
पवन मिश्रा
कौशाम्बी। जिलाधिकारी सुजीत कुमार एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्तव ने तहसील सिराथू में आमजन की शिकायतों को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर शिकायत को निस्तारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि आई०जी०आर०एस० शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन आई०जी०आर०एस० पोर्टल को चेक करने तथा शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता अवश्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। समाधान दिवस में शिकायतकर्ता मो० सलीम निवासी ग्राम गाजी का पूरा द्वारा प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि विपक्षी द्वारा उनकी भूमि पर जबरन कब्जा किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सिराथू को प्रकरण की जॉच कराकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार शिकायतकर्ता पवन कुमार उर्फ हनुमान निवासी ग्राम निहालपुर, मजरा सयारा मीठेपुर ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उनकी भूमि पर विपक्षीगणों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सिराथू को प्रकरण की जॉच कराकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील सिराथू में ६८ शिकायतें प्राप्त हुईं जिसमें से ५ का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसी प्रकार तहसील मंझनपुर में कुल १९ शिकायत प्राप्त हुईं जिसमें २ का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। तहसील चायल में कुल २३ शिकायत प्राप्त हुईं जिसमें १ शिकायत का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ० रवि किशोर त्रिवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० सुष्पेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी सौम्य मिश्रा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










