जिले के बीएसए ने 400 शिक्षकों का वेतन रोका
विशाल रस्तोगी
सीतापुर। जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ा कदम उठाते हुए एक साथ चार सौ शिक्षको का वेतन रोक दिया है। शिक्षकों की मनमानी के चर्चे लगातार प्रकाश में आ रहे थे। गौरतलब हो कि स्कूल चलो अभियान के तहत लापरवाही बरतने वाले 400 प्रधानाध्यापकों का बीएसए ने एक माह का वेतन रोक दिया है। इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।

यह कार्रवाई जिले के चार ब्लॉकों के प्रधानाध्यापकों पर की गई है। इस समय स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। सभी शिक्षकों को लक्ष्य के अनुसार नए नामांकन करने के निर्देश दिए गए थे। बीएसए ने कहा था 15 मई तक सभी शिक्षक अपना लक्ष्य पूरा कर लें। लेकिन शिक्षकों द्वारा बहुत ही हीलाहवाली की गई। उन्होंने अपना लक्ष्य पूरा करने में बिल्कुल भी रूचि नहीं ली। बीएसए ने समीक्षा की तो प्रधानाध्यापकों की साफ लापरवाही उजागर हुई। इस पर एलिया विकासखंड के 128, रेउसा विकासखंड के 80, परसेंडी विकासखंड के 133 व गोंदलामऊ विकासखंड के 59 प्रधानाध्यापकों का मई माह का वेतन रोक दिया गया है। बीएसए अजीत कुमार ने बताया इन प्रधानाध्यापकों को कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। फिर भी दाखिले लेने में रूचि नहीं दिखाई जा रही थी। इस पर इनका वेतन रोक दिया गया है। अन्य विकासखंडों की समीक्षा की जा रही है, वहां पर भी लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















