जिलाधिकारी ने कालपी तहसील का किया निरीक्षण
रंजीत सिंह
कालपी, जालौन। जिलाधिकारी राजेश पांडेय ने स्थानीय तहसील का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं कानूनगो अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण के आदेश दिया। जिलाधिकारी ने तहसील के समस्त पटलों का बारीकी से निरीक्षण कर फाइलों का रख—रखाव देखा। साथ ही उपजिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाए और उनका निस्तारण भी समय सीमा के अंदर किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि तहसील में खतौनी प्राप्ति के लिए आए किसानों को निर्धारित शुल्क लेकर खतौनी उपलब्ध कराया जाय। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि खतौनी नकल लेने वालों को खतौनी देने में विलंब नहीं होना चाहिए। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि बेवजह किसी को भी परेशान न किया जाए। नजारत में गंदगी पाए जाने पर संबंधित को साफ—सफाई कराने हेतु सख्त निर्देश दिए। इस मौके पर नायब तहसीलदार हरदीप सिंह, नीलमणि के अलावा नाजिर धीरज पुरवार, आरके विनोद श्रीवास्तव सहित तहसील के कर्मचारी मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










