डोली की जगह बेटी की अर्थी उठी
4 मई को पिता ने दर्ज करायी थी गुमशुदगी, उसी दिन आनी थी बारात
फोन करके मिलने के लिये बुलाया और फिर दुपट्टे से गला कस हत्या कर दी
कुकरैल पिकनिक स्पॉट में मिली क्षत-विक्षत लाश, कई दिन तक जानवरों ने नोंचा
अखिलेश श्रीवास्तव/शुभम जायसवाल
लखनऊ। इंदिरा नगर के कुकरैल पिकनिक स्पॉट पर पुलिस को मंगलवार देर शाम युवती की क्षत—विक्षत लाश मिली। उसके शव को जंगल में जानवरों ने कई दिनों तक नोंच कर खाया। युवती की पहचान पुराना महानगर निवासी संजय की बेटी कोमल कश्यम (22) के रुप में हुई। कोमल की 4 मई को बारात आनी थी और 4 मई को सुबह वह घर से ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी। फिर दोबारा वापस नहीं लौटी। पिता ने देर शाम कोमल के गुमशुदगी की रिपोर्ट महानगर थाने में दर्ज कराई थी।
घर में होनी रहती थी बारात के स्वागत की तैयारी
कोमल की शादी मूल रुप से रायबरेली सेमरौता निवासी राहुल से होनी थी। राहुल परिवार के साथ महानगर में रहता है और कोमल से उसका अफेयर भी था। कोमल के दबाव बनाने पर ही उसने शादी के लिए हामी भरी थी जिसके बाद दोनों परिवार ने मिलकर उनकी शादी का फैसला किया और रस्म रिवाज के साथ शादी की तैयारी शुरू हो गई। 2 मई को कोमल के घर में मातृ पूजन और 3 मई को तेल पूजन का कार्यक्रम हुआ था जिसमें कई रिश्तेदार व परिवार के लोग नाचते—गाते खुशियां मना रहे थे। 4 मई की सुबह परिवार के लोग बारात के स्वागत की तैयारी कर रहे थे। कोमल की बारात अलीगंज के डंडइया बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में आनी थी।
ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थी
कोमल 4 मई को सुबह 9 बजे तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली थीं जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। देर शाम तक उसके वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। उधर बारात आने का समय हो चुका था, सभी लोग कोमल के लिए परेशान थे। देर रात तक उसके वापस न लौटने पर पिता संजय कश्यप ने महानगर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिवार के साथ मिलकर तलाशने का करता रहा नाटक
कोमल के अचानक गायब होने पर उसके परिवार के साथ राहुल भी परेशान होने का नाटक करता रहा। परिवार के बीच रहकर वह गुमराह करने लगा। उसकी हरकत और पुलिस की छानबीन ने उसे संदेह के घेरे में आकर खड़ा दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर राहुल को हिरासत लेकर पूछताछ शुरू की तो न केवल कोमल के गायब के पीछे कारण, बल्कि उसकी हत्या का भी खुलासा हो गया। पुलिस ने राहुल की निशानदेही से मंगलवार को उसका शव कुकरैल पिकनिक स्पॉट से बरामद किया। पुलिस को शव के पास से उसके चप्पल, पर्स व अन्य सामान भी मिला है। पुलिस ने फॉरेसिंक टीम बुलाकर मौके की जांच पड़ताल कराई।
फोन करके बुलाया और दुपट्टे से गला कसकर मार डाला
पुलिस की पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने 4 मई को कोमल को फोन करके खुद बुलाया था और उसके आने पर वह बाइक से उसे कुकरैल पिकनिक स्पॉट ले गया जहां सुनसान जगह पर ले जाकर उसी के दुपट्टे से उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह कोमल से शादी नहीं करना चाहता था। कोमल के दबाव बनाने पर वह तैयार हुआ था लेकिन वह कोमल से छुटकारा पाना चाहता था।
पिता बेचते थे गुब्बारे, शादी के लिये खुद करती थी काम
कोमल के पिता गुब्बारे बेचते है और किसी तरह परिवार का खर्च चलाते हैं। कोमल ने न केवल पिता का हाथ बटाने के लिये, बल्कि अपनी शादी के लिए ब्यूटी पार्लर में काम शुरू किया था। उसने अपनी शादी का खर्च खुद वहन करने के लिए पैसे जुटाए थे। वह बहुत खुश थी राहुल को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मानती थी।
आखिरी वीडियो देखकर छलक गये पिता के आंसू
कोमल की हत्या से एक दिन पहले तेल पूजन के दौरान कोमल ने अपने बहनों व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डांस भी किया था। उसके हम तो भये परदेसी गाने पर डांस करते हुए वीडियो भी परिवार के सदस्यों ने बनाया था। वीडियो में वह बहुत खुशी नजर आ रही थीं। उसका आखिरी वीडियो देख कर हर किसी के आंखों में आंसू आ गये। सबका यहीं कहना है कि राहुल को अगर शादी नहीं करनी थी तो वह मना कर देता, कम से कम बेटी तो बच जाती।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










